Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: आरोपित प्रमोद नौटियाल को लेकर धाम पहुंची SIT, खंगाली आलमारियां

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 09:36 PM (GMT+05:30)

    एसआईटी ने चढ़ावा चोरी के मुख्य आरोपित प्रमोद नौटियाल को बदरीनाथ धाम ले जाकर पूछताछ की और बंद अलमारियों की तलाशी ली। ...और पढ़ें

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला।

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला।

    HighLights

    1. एसआईटी ने मुख्य आरोपी नौटियाल से बदरीनाथ में पूछताछ की

    2. आरोपी की बंद अलमारियों और कार्यालयों की तलाशी ली गई

    3. सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी चौहान की पेंशन पर विधिक राय

    संवाद सहयोगी, गोपेश्वर (चमोली)। चढ़ावा चोरी मामले के मुख्य आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को रिमांड पर लेने के बाद एसआइटी ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

    एसआइटी मंगलवार को उसे लेकर बदरीनाथ धाम पहुंची और वहां प्रोटोकाल समेत अन्य कार्यालयों में तलाशी ली।

    इस दौरान आरोपित की बंद आलमारियों को खुलवाकर उन्हें भी खंगाला गया। उनमें क्या मिला, इसे अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

    इस मामले में अब नौटियाल के अलावा सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।

    सोमवार को अदालत ने एसआइटी को नौटियाल की चार दिन की रिमांड दे दी थी। मंगलवार सुबह एसआइटी मेडिकल कराने के बाद नौटियाल को लेकर बदरीनाथ धाम पहुंची और उससे पूछताछ शुरू की।

    एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं और चोरी गई धनराशि व आभूषणों के रिकवर होने की उम्मीद है।

    आरोपित से पूछताछ के साथ मामले में संदिग्ध अन्य कार्मिकों से भी उसका आमना-सामना कराया जाएगा। गणना स्थल, खजाना व प्रोटोकाल कार्यालय समेत अन्य ठिकानों की भी बारीकी से तलाशी ली जा रही है।

    वहीं, बीकेटीसी की जांच समिति में शामिल के एक प्रमुख सदस्य को भी एसआइटी ने पूछताछ के लिए बदरीनाथ धाम बुलाया है। यह सदस्य बीकेटीसी में महत्वपूर्ण पद पर तैनात है। बताया गया कि इस अधिकारी से चढ़ावा चोरी मामले में पूछताछ की जानी है।

    कमिश्नर के समक्ष पेश होंगे बीकेटीसी के पांच कार्मिक

    गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति ने गणना प्रक्रिया में शामिली बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पांच अधिकारियों-कर्मचारियों को पूछताछ के लिए देहरादून बुलाया है।

    सूत्रों के अनुसार इन कार्मिकों से बातचीत में कई अहम राज खुल सकते हैं। इससे पहले यह समिति बीकेटीसी की जांच टीम में शामिल चारों सदस्यों से भी पूछताछ कर चुकी है।

    चौहान की पेन्शन पर ली जा रही विधिक राय

    बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि एसआइटी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपित सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान की पेन्शन रोकने के संबंध में विधिक राय ली जा रही है।

    जबकि, निलंबित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को कर्मचारी नियमावली के अनुसार ही भत्ता आदि का भुगतान किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम: चढ़ावे में हेराफेरी के बाद VIP व हेली दर्शन शुल्क में भी भारी गड़बड़ी

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: SIT को मिली मुख्य आरोपित नौटियाल की कस्टडी रिमांड, खुलेंगे कई राज

    खबरें और भी