Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: SIT को मिली मुख्य आरोपित नौटियाल की कस्टडी रिमांड, खुलेंगे कई राज

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 08:36 PM (GMT+05:30)

    न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योतिर्मठ की अदालत ने बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले के मुख्य आरोपित प्रमोद नौटियाल को एसआइटी को रिमांड पर दे दिया है। ...और पढ़ें

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला।

    बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला।

    HighLights

    1. मुख्य आरोपित प्रमोद नौटियाल को मिली एसआइटी रिमांड

    2. नौटियाल ने 500 के नोटों व आभूषण चोरी की बात स्वीकारी

    3. एसआइटी मंगलवार से 30 जुलाई तक करेगी गहन पूछताछ

    संवाद सहयोगी, गोपेश्वर (चमोली)। न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योतिर्मठ की अदालत ने एसआइटी को बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी मामले के मुख्य आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल की रिमांड दे दी।

    एसआइटी अब मंगलवार से 30 जुलाई तक उससे पूछताछ करेगी। नौटियाल अभी चमोली की पुरसाड़ी जेल में है।

    बीती 12 जुलाई को नौटियाल की गिरफ्तारी के बाद से ही उसे रिमांड पर लेने के लिए एसआइटी तीन बार अदालत का दरवाजा खटखटा चुकी है, लेकिन तीनों ही बार उसे सफलता नहीं मिली।

    सोमवार को एसआइटी ने फिर न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में रिमांड के लिए नए तथ्यों के साथ आवेदन दिया। एसआइटी ने अदालत को बताया कि कुछ दिन पूर्व उसने जेल में नौटियाल के बयान लिए थे।

    इस दौरान उसने गणना के दौरान 500-500 रुपये के नोटों के बंडल व आभूषण ले जाने की बात स्वीकार की। साथ ही यह भी कहा कि वह नकदी व आभूषण बरामद करवा सकता है।

    इसलिए उससे गहन पूछताछ बेहद जरूरी है। जबकि, बचाव पक्ष ने नौटियाल को रिमांड पर देने का विरोध किया।

    दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने मंगलवार से 30 जुलाई तक नौटियाल को तीन दिन की रिमांड पर देने का आदेश पारित कर दिया।

    बता दें कि चढ़ावा चोरी मामले में अब तक नौटियाल व सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य कई अधिकारी-कर्मचारी एसआइटी के राडार पर हैं।

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: पारदर्शी हाल में होगी नोटों की गिनती, श्रद्धालु भी देख सकेंगे प्रक्रिया

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी मामला: मुख्य आरोपित नौटियाल की जमानत याचिका खारिज, 6 अगस्त तक बढ़ी न्यायिक हिरासत