चमोली के नारायणबगड़ में मूसलधार बारिश का कहर: NH पर आया पहाड़ी का मलबा, कई दुकानों में घुसा कीचड़
नारायणबगड़ में भारी बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा आने से कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग दो घंटे बाधित रहा। ...और पढ़ें

नारायणबगड़ में पहाड़ी से आए गदेरे से ग्वालदम राजमार्ग दलदल में तब्दील हो गया, जबकि आधा दर्जन दुकानों मे मलबा घुस गया। फोटो- जयवीर सिह
HighLights
भारी बारिश से नारायणबगड़ में जनजीवन अस्त-व्यस्त
राष्ट्रीय राजमार्ग दो घंटे बाधित, दुकानों में घुसा मलबा
स्थानीय लोगों ने स्थायी सुरक्षा उपायों की मांग की
संवाद सूत्र, नारायणबगड़ (चमोली)। रविवार रात हुई मूसलधार वर्षा ने नारायणबगड़ कस्बे में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।
लगातार वर्षा के कारण थरालीबगड़ और जीत सिंह मार्केट के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र से भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा बहकर कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया, जिससे राजमार्ग दो घंटे के लिए बाधित रहा।
वहीं आधा दर्जन दुकानों में मलबा घुस गया। इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे परिसर को खतरा बन गया है।
तेज वर्षा के कारण राइंका नारायणबगड़ और स्वास्थ्य केंद्र के पीछे स्थित बरसाती नाले अचानक उफान पर आ गए। नालों से बहकर आया मलबा इंटर कालेज परिसर और छात्रावास से होते हुए सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग और बाजार क्षेत्र तक पहुंच गया।
इस कारण जीत सिंह मार्केट, अस्पताल परिसर और भारतीय स्टेट बैंक के सामने पानी और मलबा जमा हो गया, जिससे दुकानों के बाहर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
नारायणबगड़ के आधा दर्जन व्यापारियों की दुकानों में घुसे मलबे से सामान को नुकसान पहुंचा। सोमवार को दिनभर दुकानदार दुकान की सफाई करते रहे। कई व्यापारियों को देर रात पानी और मलबा हटाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
वहीं ग्वालदम राजमार्ग पर मलबा जमा होने के कारण सोमवार सुबह चार से छह बजे तक आवागमन बंद रहा। मौके पर पहुंची जेसीबी मशीनों ने मलबा हटाकर आवाजाही शुरू कराई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
वर्षा थमने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने थोड़ी राहत महसूस की, लेकिन लगातार हो रही वर्षा के कारण पहाड़ी क्षेत्रों से मलबा आने का डर अभी भी बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से संवेदनशील नालों और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
राजमार्ग पर नारायणबगड़ में जलभराव की समस्या
ग्वालदम राजमार्ग पर थरालीबगड़ गदेरे से आ रहे मलबे के कारण बरसात में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। अधिकांश निर्माण कार्यों के कारण बंद हुए काजवे और नालियों का सही दिशा में न होना समस्या को बढ़ा रहा है।
वर्षा के बाद दुकानों में मलबा घुसने का क्रम शुरू हो गया है। इंटर कालेज और प्राथमिक चिकित्सालय के पिछले हिस्से में गदेरे के रूप में बरसाती पानी परिसर के लिए खतरा बना हुआ है।
वहीं नालियों के अभाव में सड़कों पर बहते पानी से डामर उखड़ गया है और वर्षा बंद होने के बाद उठ रही धूल से व्यापारी परेशान हैं।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर मई में सिंचाई विभाग के अभियंताओं द्वारा गदेरे से हुए नुकसान के लिए सुरक्षा इंतजाम का निरीक्षण किया गया था, लेकिन वर्षाकाल से पूर्व तंत्र की चुप्पी और बेतरतीब निर्माण कार्यों के कारण निकासी व्यवस्था अब आमजन की परेशानी बढ़ा रही है।