Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चमोली: डाक वितरण में लापरवाही पर पोस्टमैन सस्पेंड, कमरे में डाक छुपाने का आरोप निकला बेबुनियाद

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 07:49 PM (IST)

    थराली के तुंगेश्वर शाखा डाकघर में डाक वितरण में लापरवाही बरतने पर एक पोस्टमैन को निलंबित कर दिया गया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. पोस्टमैन को डाक वितरण में लापरवाही पर निलंबित किया गया

    2. कमरे में डाक छिपाने का आरोप जांच में बेबुनियाद निकला

    3. शाखा डाकघर में सात दिन पुराने सात पत्र अवितरित मिले

    संवाद सहयोगी, कर्णप्रयाग (चमोली)। थराली विकासखंड के तुंगेश्वर शाखा डाकघर में तैनात हरियाणा मूल के एक पोस्टमैन को डाक वितरण में लापरवाही बरतने के आरोप में विभागीय स्तर पर सस्पेंड कर दिया गया है।

    निलंबन अवधि के दौरान उसे मुख्य शाखा से संबद्ध (अटैच) किया गया है। सोमवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डाक निरीक्षक पंकज कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुंगेश्वर शाखा डाकघर और पोस्टमैन के आवास का औचक निरीक्षण किया।

    क्या था पूरा मामला?

    स्थानीय निवासी विनोद पांडे ने डाक विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि संबंधित पोस्टमैन ने लंबे समय से क्षेत्र की जरूरी डाक अपने कमरे में छिपाकर रखी है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    शिकायतकर्ता का यह भी दावा था कि उनकी बेटी के कुछ आवश्यक दस्तावेज रास्ते में लावारिस हालत में मिले थे।

    केवल 7 डाक मिलीं लंबित

    शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए डाक निरीक्षक पंकज कुमार मौके पर पहुंचे और पोस्टमैन के कमरे की सघन तलाशी ली। हालांकि, तलाशी के दौरान पोस्टमैन के घर से कोई भी डाक या सरकारी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे कमरे में डाक छिपाने का आरोप बेबुनियाद साबित हुआ।

    इसके बाद जब शाखा डाकघर के रिकॉर्ड, रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट के दस्तावेजों को खंगाला गया, तो वहां 7 सामान्य डाक पत्र ऐसे मिले जो करीब सात दिन पुराने थे और उनका वितरण नहीं किया गया था।

    विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन लंबित पत्रों को दूसरे कर्मचारी के माध्यम से सोमवार को ही क्षेत्र में वितरित करवा दिया।

    अनबन का मामला आया सामने

    जांच अधिकारी व डाक निरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में केवल एक सप्ताह पुरानी सात सामान्य डाक का वितरण न होना पाया गया है, जिन्हें भिजवा दिया गया है। इसके अलावा डाक वितरण को लेकर अन्य कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

    खबरें और भी

    विभागीय जांच में यह बात भी छनकर सामने आई है कि किसी व्यक्तिगत मामले को लेकर पोस्टमैन और शिकायतकर्ता के बीच आपसी अनबन चल रही थी।

    डाक निरीक्षक के अनुसार, डाक वितरण में ढिलाई बरतने के आरोप में पोस्टमैन को फिलहाल निलंबित कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के तुंगेश्वर डाकघर में लापरवाही: पोस्टमैन ने बांटने के बजाय घर में छिपा रखी थी सैकड़ों डाक

    यह भी पढ़ें- मथुरा में पोस्टमैनों ने घर में छिपाई डाक, दो निलंबित; 14 को नोटिस जारी