Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंपावत में अग्निवीर प्रशिक्षु स्मैक तस्करी में गिरफ्तार,  बीमारी का बहाना बनाकर आया था घर

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 10:51 PM (IST)

    चंपावत पुलिस और एसओजी ने बीमारी का बहाना बनाकर घर आए अग्निवीर प्रशिक्षु और उसके दोस्त को 306 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

    चंपावत में स्मैक तस्करी में गिरफ्तार आरोपितों के बारे में जानकारी देतीं एसपी रेखा यादव। जागरण

    चंपावत में स्मैक तस्करी में गिरफ्तार आरोपितों के बारे में जानकारी देतीं एसपी रेखा यादव। जागरण

    HighLights

    1. अग्निवीर प्रशिक्षु बीमारी का बहाना बनाकर घर आया था

    2. दोस्त के साथ मिलकर स्मैक तस्करी करते पकड़ा गया

    3. चंपावत पुलिस ने एक करोड़ की स्मैक बरामद की

    जागरण संवाददाता, चंपावत। अग्निवीर में भर्ती के बाद प्रशिक्षण के दौरान बीमारी का बहाना बनाकर घर आया पीलीभीत निवासी युवक दोस्त के साथ स्मैक की तस्करी करने लगा।

    चंपावत पुलिस व स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने दोनों को 306 ग्राम स्मैक के साथ दबोच लिया। बरामद स्मैक की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

    पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि टनकपुर क्षेत्र में सीओ निहारिका सेमवाल तथा एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में मंगलवार को नशा तस्करों के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

    इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें रोका गया। तलाशी में उनके पास से स्मैक बरामद हो गई।

    पकड़े गए आरोपित सुनील सिंह व गुरदीप सिंह निवासी बाजार घाट, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने यह स्मैक पीलीभीत निवासी मनु सिंह से खरीदी थी।

    दोनों इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली तस्कर को बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। दोनों के विरूद्ध कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कराने के बाद बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

    पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपित सुनील ने बताया कि वह अग्निवीर भर्ती परीक्षा पास कर चुका है। उसका प्रशिक्षण चल रहा है। कुछ दिन पूर्व ही वह बीमारी का बहाना बनाकर घर आया था।

    नौकरी को दांव पर लगाते हुए घर आने के बाद वह अपने दोस्त गुरदीप के साथ मिलकर तस्करी करने लगा। अब पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगालने के लिए पीलीभीत पुलिस के संपर्क में है।

    चंपावत की एसपी रेखा यादव ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चल रहा है और आगे भी जारी रहेगा।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली से कार चोरी कर नॉर्थ-ईस्ट में खपाता था गिरोह, पुलिस ने रिसीवर समेत दो को किया गिरफ्तार

    यह भी पढ़ें- ECL में कोयला चोरी पर CISF का शिकंजा, जारी किया हेल्पलाइन नंबर