धामी सरकार का बड़ा प्लान, चारधाम यात्रा के लिए बनेंगे 13 नए रास्ते; नहीं मिलेगा जाम का झाम
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। इस वर्ष यात्रा के लिए 13 वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को ...और पढ़ें
HighLights
चारधाम यात्रा हेतु 13 वैकल्पिक मार्ग तैयार होंगे
स्वच्छता, पेयजल और शौचालय व्यवस्था पर विशेष जोर
सड़क सुरक्षा व सुविधाओं के लिए विस्तृत निर्देश जारी
राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश में इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान 13 वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएंगे। पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को इन मार्गों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने शनिवार को यमुना कालोनी स्थित लोक निर्माण विभाग के सभागार में चारधाम यात्रा की तैयारियों के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर स्थायी व अस्थायी शौचालयों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, वहीं पेट्रोल पंपों और होटलों में श्रद्धालुओं के लिए निश्शुल्क शौचालय और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ब्लैक स्पाट की पहचान करने के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भटवाड़ी, डबराड़ी और चड़ेथी जैसे क्षेत्रों में नदियों में सिल्ट जमा होने से जलस्तर बढ़ने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समय पर चैनलाइजेशन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में ब्लैक स्पाट की पहचान, संवेदनशील स्थलों की मैपिंग, जीपीएस आधारित मशीनरी ट्रैकिंग, वन-वे सिस्टम, डायवर्जन प्लान, रोड साइन, रिफ्लेक्टर और क्रैश बैरियर की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने इन सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे साइन बोर्ड के माध्यम से पेट्रोल पंप, अस्पताल और रेस्टोरेंट की दूरी स्पष्ट रूप से दर्शाई जाए। साथ ही रेस्टोरेंट में निश्शुल्क शौचालय की उपलब्धता का संकेतक अनिवार्य किया जाए। उन्होंने होटल और ढाबों में स्वच्छता मानकों के तहत कर्मचारियों के लिए ग्लव्ज और सैनिटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।