उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का उत्साह चरम पर, एक महीने में रिकॉर्ड 16 लाख से अधिक ने किए दर्शन
एक महीने पहले शुरू हुई चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है, जिसमें देश-विदेश से 16.43 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख् ...और पढ़ें

केदारनाथ धाम उमड़े श्रद्धालु। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, गढ़वाल। एक महीने पहले शुरू हुई चारधाम यात्रा ने अब रफ्तार पकड़ ली है। देश-विदेश से आ रहे श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर रौनक है।
एक महीने में ही 16.43 लाख यात्री चारधाम पहुंच चुके हैं। केदारनाथ धाम में ही 6.65 लाख श्रद्धालु पहुंचे है। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में एक महीने में 5.49 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सोमवार को यमुनोत्री में 16 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जो यमुनोत्री यात्रा के इतिहास में एक दिन में दर्शन करने वालों की सबसे बड़ी संख्या है। केदारनाथ धाम में दर्शन करने वालों की संख्या भी 30 हजार पार रही। केदारनाथ धाम में प्रतिदिन 28 से 30 हजार श्रद्धालु दर्शन को पहुंच रहे हैं।

सोमवार को यहां 30 हजार अधिक श्रद्धालु पहुंचे। यात्रा के प्रमुख पड़ाव गुप्तकाशी, फाटा, नारायणकोटी, सीतापुर, रामपुर, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है।
वर्ष 2013 की आपदा से पहले के आंकड़ों पर गौर करे तो केदारनाथ में पूरे सीजन में छह लाख से ऊपर यात्रियों का आंकड़ा नहीं पहुंचता था। बदरीनाथ धाम में दर्शन को लंबी कतार लग रही हैं।
सोमवार को यहां 21 हजार से अधिक पहुंचे। यात्रियों की संख्या बढ़ने से देश के प्रथम गांव माणा के साथ अन्य पड़ावों में भी रौनक है। स्थानीय कारोबारी भी यात्रा के रफ्तार पकड़ने से खासे उत्साहित हैं।
यमुनोत्री धाम की यात्रा पर पिछले दो दिन में इस सीजन के रिकार्ड तीर्थयात्री पहुंचे हैं। गंगोत्री धाम में भी रोजाना 11 हजार से अधिक यात्री पहुंच रहे हैं।
यमुनोत्री पैदल मार्ग पर 23 हजार से अधिक यात्री घोड़े-खच्चर, 18 हजार से अधिक डंडी और सात हजार से अधिक कंडी से पहुंचे हैं। इससे घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी संचालकों को अच्छी आय हो रही है। यात्रा मार्ग पर खुले स्वयं सहायता समूहों के स्टाल संचालकों के भी चेहरे खिले हैं।
अब तक चारों धामों पहुंचे यात्री
- यमुनोत्री : 2,78,411
- गंगोत्री : 2,70, 658
- केदारनाथ : 6,65,140
- बदरीनाथ : 4,28,973
यह भी पढ़ें- केदारनाथ यात्रा में मुंबई के यात्री को लगी चोट, रेस्क्यू टीम ने बचाया
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम में उमड़ रही आस्था, 26 दिन में 6.35 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
यह भी पढ़ें- यमुनोत्री धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक दिन में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन