देहरादून में चीनू पंडित का गुर्गा तमंचे के साथ गिरफ्तार, साथी भी पकड़ा गया
देहरादून की प्रेमनगर पुलिस ने कुख्यात बदमाश चीनू पंडित के गुर्गे समर्थ और उसके साथी ऋषभ को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रेमनगर कोतवाली पुलिस ने आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे कुख्यात बदमाश चीनू पंडित का गुर्गा समर्थ और उसके एक साथी को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है।
समर्थ वर्ष 2025 में हथियारों की सप्लाई जबकि उसका साथी ऋषभ हत्या के प्रयास में जेल जा चुका है। दोनों शातिर अपराधी हैं। पुलिस दोनों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई करेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने व आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सोमवार रात को चौकी प्रभारी बिधौली जयेंद्र सिंह राणा पुलिसकर्मियों के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान पौंधा रोड से थार को चेकिंग के लिए रोका गया।
चालक ने पुलिस को देख वाहन को वहां से भगा दिया। पुलिस ने पीछा करते हुए वाहन को रोक लिया। देर रात्रि में घूमने का कारण पूछने पर वाहन सवार कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
उन्होंने बताया कि संदिग्धता के आधार पर पुलिस ने वाहन में सवार समर्थ निवासी हकीकत नगर, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश और ऋषभ गोस्वामी निवासी खेड़ा तलान नार्थ दिल्ली की तलाशी ली तो उनके कब्जे से तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुए।
इस पर दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपिातें के विरुद्ध प्रेमनगर कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोनों का अपराध से पुराना नाता
पुलिस ने दोनों आरोपितों का आपराधिक रिकार्ड खंगाला तो पता चला कि दोनों का अपराध से पुराना नाता है। इनमें से समर्थ कुख्यात बदमाश चीनू पंडित का गुर्गा है।
वर्ष 2025 में एसटीएफ की टीम ने आरोपित समर्थ को हथियारों की सप्लाई करते प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उस दौरान उसके कुछ अन्य साथी भी पकड़े गए थे। वहीं ऋषभ गोस्वामी के विरुद्ध वर्ष 2022 में हत्या का प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
उस समय प्रेमनगर कोतवाली पुलिस ने उसे जेल भेजा था। मौजूदा समय में दोनों जमानत पर बाहर हैं। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपितों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए दोनों के खिलाफ जल्द गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।