Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नई दिल्ली में CM धामी ने केंद्रीय मंत्री पुरी से की मुलाकात, चारधाम यात्रा के लिए 100% LPG आपूर्ति का किया अनुरोध

    Updated: Mon, 27 Apr 2026 03:48 PM (IST)

    मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। उन्होंने चारधाम यात्रा के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की 100% आपूर्त ...और पढ़ें

    नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भेंट करते हुए।

    नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भेंट करते हुए।

    HighLights

    1. CM धामी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से भेंट की

    2. चारधाम यात्रा को 100% LPG आपूर्ति का अनुरोध

    3. आपदा राहत के लिए 5% अतिरिक्त सिलेंडर मांगे

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में भेंट कर उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों एवं आपदाजन्य संवेदनशीलता के दृष्टिगत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

    मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित एवं सुचारू संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति को पहली की तरह 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया।

    उन्होंने अवगत कराया कि राज्य में अप्रैल से नवंबर तक संचालित होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

    इस अवधि में राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आवश्यकता होती है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि जून से सितंबर के मध्य मानसून अवधि में राज्य को प्रतिवर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। पर्वतीय भू-भाग एवं दुर्गम परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में एलपीजी गैस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

    इस परिप्रेक्ष्य में उन्होंने व्यावसायिक सिलिंडरों का अतिरिक्त 5 प्रतिशत (लगभग 48,397 सिलिंडर) आवंटन सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी एवं त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्यतः पर्यटन आधारित है, जिसमें धार्मिक पर्यटन, तीर्थाटन एवं साहसिक पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है। चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, सांस्कृतिक पहचान एवं आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है।

    केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री की ओर से प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन प्रदान किया तथा राज्य के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में सीएम धामी बोले- उत्तराखंड में पर्यटन, ऊर्जा और कनेक्टिविटी से बढ़ा रोजगार

    यह भी पढ़ें- हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर CM धामी से मिले नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा, 20 मई को रवाना होगा पहला जत्था