विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कांग्रेसियों को दी 'घायल' भाजपा से सावधान रहने की नसीहत

By Edited By:
Published: Fri, 28 Dec 2018 07:35 PM (IST)Updated: Fri, 28 Dec 2018 08:52 PM (IST)

कांग्रेस ने 134वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने हार से घायल भाजपा से सचेत रहने की नसीहत दी।

कांग्रेसियों को दी 'घायल' भाजपा से सावधान रहने की नसीहत
कांग्रेसियों को दी 'घायल' भाजपा से सावधान रहने की नसीहत

देहरादून, जेएनएन। प्रदेश कांग्रेस ने स्थापना दिवस के बहाने पार्टी में 'एकजुटता' दिखाने की कोशिश की। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने हाल ही में तीन विधानसभा चुनाव में मिली कामयाबी को ऐतिहासिक करार तो दिया, लेकिन हार से 'घायल' भाजपा से सचेत रहने की नसीहत भी दी। कहा लोकसभा चुनाव में भाजपा आक्रामक होकर मैदान में उतर सकती है। इसलिए कांग्रेसियों को अभी से कड़ी मेहनत करनी होगी। 

राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को पार्टी का 134वां स्थापना दिवस मनाया गया। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, प्रदेश सह प्रभारी राजेश धर्माणी सहित पूर्व मंत्रियों, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। एक ओर कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए इंदिरा हृदयेश ने संगठन को चेताया कि आने वाला समय भी चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन में सुधार के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत है। 

वहीं, प्रीतम सिंह ने 1977 के दौर का हवाला लेते हुए कहा उस दौर में इंदिरा गांधी तक चुनाव हार गई थी, लेकिन 1980 में कांग्रेस पूर्व बहुमत के साथ सत्ता में लौटी। दोनों नेताओं के परस्पर विरोधी बयानों को हाल ही में निकाय चुनावों में उभरे मतभेद से जोड़कर देखा गया। प्रदेश सह प्रभारी राजेश धर्माणी ने सभी नेताओं को नसीहत दी कि पार्टी की एकजुटता के लिए सब मिलकर काम करें। 

पार्टी के प्रदर्शन में सुधार को कड़ी मेहनत की जरूरत

प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सह प्रभारी राजेश धर्माणी आदि वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इंदिरा हृदयेश ने इशारों ही इशारों में संगठन को खूब सुनाया। उन्होंने कहा कि यह अफसोस की बात है कि हमारे एक जिले में औसतन एक विधायक भी नहीं है। जिले 13 हैं और विधायक मात्र 11। हमें ऐसी स्थिति से पार्टी को इतने आगे लेकर जाना है कि आने वाले विस चुनाव में 36 से 40 सीटें जीत सकें। यह काम आसान नहीं है। इसलिए संगठन को सबको साथ लेकर चलना होगा और कठिन परिश्रम करना होगा। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन आखिर कैसे सिमट गया।

कार्यकर्ता ही रोक पाएंगे गुटबाजी

पार्टी के बड़े नेता मंच में कुछ और दिखते हैं और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ और कहते हैं। जिससे गुटबाजी को हवा मिलती है। यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को समाप्त करना है तो कार्यकर्ताओं को आगे आना होगा और उन्हें सभी नेताओं को यह बताना होगा कि वह राहुल गांधी के हाथ मजबूत करेंगे। जिस दिन नेता के पीछे लाइन लगनी बंद हो जाएगी 'नेताजी' स्वयं लाइन में आ जाएंगे।

यह भी पढ़ें: इलेक्शन मोड में भाजपा संगठन और सरकार, मोदी और शाह करेंगे दो-दो दौरे

यह भी पढ़ें: प्रदेश कांग्रेस की नई कमेटी में दिगज्जों को संतुष्ट करना होगी चुनौती

यह भी पढ़ें: 'सेल्फी विद कमल' के जरिये भाजपा देगी घर-घर दस्तक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।