देहरादून में व्यापारी की पत्नी की हत्या, हाथ से सोने का कड़ा ले उड़ा कातिल; 3:30 घंटे की CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
देहरादून के डालनवाला में एक अज्ञात व्यक्ति ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला रेखा बंसल की घर में घुसकर हत्या कर दी।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। डालनवाला स्थित चंद्र रोड एमडीडीए कालोनी में अज्ञात व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित बुजुर्ग के हाथ से सोने का कड़ा भी ले गया।
घटना के समय महिला अकेली घर पर थी, उनके पति की गांधी स्कूल के पास किताब की दुकान है। पुलिस लूट के लिए हत्या मान रही है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल सहित एसपी सिटी प्रमोद कुमार व एसपी देहात जया बलोनी ने घटनास्थल पर पहुंच पूछताछ की।
घर पर अकेली रहती थी रेखा बंसल
पुलिस के अनुसार दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर किताब की दुकान है। वह सुबह 10 बजे दुकान पर चले जाते हैं और रात को घर लौटते हैं। ऐसे में दिन के समय उनकी पत्नी रेखा बंसल अकेली घर पर रहती थी। उनके दो बेटे व एक बेटी हैं।
इनमें से एक बेटा विदेश में रहता है जबकि दूसरा कांवली रोड और बेटी डालनवाला क्षेत्र में ही रहती है। गुरुवार दोपहर को दिनेश बंसल अपनी पत्नी रेखा बंसल उम्र 80 वर्ष को फोन कर रहे थे, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। ऐसे में उन्होंने पड़ोसियाें को फोन किया और घर पर भेजा।
घर पर रेखा बंसल बेड पर बेसुध अवस्था में पड़ी हुई थी। उन्होंने इसकी सूचना दिनेश बंसल को दी। दिनेश बंसल तत्काल घर पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में बताया। सूचना पर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल सहित अन्य अधिकारी व फारेंसिक टीम पहुंची। जांच में सामने आया है कि उनके हाथ एक हाथ का सोने का कड़ा गायब था जबकि चेहरे पर खरोंच के निशान पाए गए।
यह भी पढ़ें- अपमान का बदला लेने के लिए दोस्तों ने की फोटोग्राफर आलोक की हत्या, प्रयागराज के सोहागी पहाड़ से फेंकी थी लाश
एसएसपी डोबाल ने बताया कि दोपहर के समय अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और हत्या की घटना को अंजाम दिया। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि आरोपित ने मुंह व नाक बंद करके उनकी हत्या की है। पुलिस आसपास के घरों में पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
3:30 घंटे की फुटेज से खुलेगा हत्या का राज
पुलिस के अनुसार हत्या की घटना डेढ़ से दो बजे के बीच हुई है। घर व आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। कुछ दूरी पर कैमरे हैं। ऐसे में 12:30 से चार बजे के बीच कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। इस दौरान उस रास्ते से जो भी वाहन या पैदल गए, उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। पूछताछ के बाद ही पुलिस आरोपित तक पहुंचेगी।
घर के पास घनी आबादी, किसी ने नहीं सुनी आवाज
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस घर पर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है, उसके आसपास कई घर हैं। रेखा बंसल का आसपास के लोगों के साथ अच्छे संबंध थे, ऐसे में पड़ोसी अकसर उनके घर पर आया जाया करते थे। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर किसी को उनकी चीख पुकार की आवाज कैसे नहीं सुनाई दी गई। पुलिस को यह भी शक है कि कोई परिचित भी घटना को अंजाम दे सकता है।
