देहरादून में घंटाघर के पास फोटो लेमिनेशन की दुकान में भीषण आग, मची अफरा-तफरी
देहरादून के व्यस्त चकराता रोड स्थित घंटाघर के पास एक फोटो लेमिनेशन की दुकान में शुक्रवार सुबह आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ...और पढ़ें
HighLights
घंटाघर के पास फोटो लेमिनेशन दुकान में लगी आग
दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, कोई हताहत नहीं
आग लगने का कारण अज्ञात, शॉर्ट सर्किट की आशंका
जागरण संवाददाता, देहरादून। व्यस्त चकराता रोड स्थित घंटाघर के निकट शुक्रवार सुबह एक फोटो लेमिनेशन की दुकान में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही दुकान से उठती तेज लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की गई। मौके पर पुलिस भी पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में लोगों की आवाजाही नियंत्रित कराई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग दुकान के भीतर से शुरू हुई, लेकिन इसके पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान में रखा लेमिनेशन का सामान, मशीनें और अन्य सामग्री जलने से नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।