विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में स्विमिंग कोच की करंट लगने से हुई मौत, फ्रिज का दरवाजा खोलते ही लगा था तेज झटका

Published: Thu, 30 Jul 2026 11:52 PM (IST)

देहरादून के पटेलनगर स्थित स्पायर स्पोर्ट्स एकेडमी में 22 वर्षीय स्विमिंग कोच विनय राही की करंट लगने से मौत हो गई

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. देहरादून में 22 वर्षीय स्विमिंग कोच की करंट लगने से मौत

  2. स्पायर स्पोर्ट्स एकेडमी में फ्रिज से आया था बिजली का झटका

  3. पुलिस जांच कर रही, पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई

जागरण संवाददाता, देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र स्थित भूतोवाला में स्पायर स्पोर्ट्स एकेडमी में करंट लगने से 22 वर्षीय स्विमिंग कोच की मौत हो गई।

घटना उस समय हुई जब ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद कोच पानी पीने के लिए किचन में गया और फ्रिज का दरवाजा खोलते ही उसे तेज बिजली का करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली पटेलनगर को सूचना मिली कि भूतोवाला चौक स्थित स्पायर स्पोर्ट्स एकेडमी में एक युवक को बिजली का करंट लग गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

मृतक की पहचान विनय राही निवासी मोहब्बेवाला के रूप में हुई है। विनय स्पायर स्पोर्ट्स एकेडमी में स्विमिंग ट्रेनर के रूप में कार्यरत था।

बताया गया कि दिनभर की स्विमिंग ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद वह शाम को पानी पीने के लिए एकेडमी के किचन में गया।

जैसे ही विनय ने पानी निकालने के लिए फ्रिज का दरवाजा खोला, उसे अचानक बिजली का करंट लग गया और वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़ा।

एकेडमी के कर्मचारियों ने बिना देर किए विनय को उपचार के लिए क्लेमेनटाउन स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के स्वजनों को अवगत कराया गया।

पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली का करंट लगने से हुई दुर्घटनात्मक मौत का प्रतीत हो रहा है।

हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जाएगा कि फ्रिज में करंट कैसे आया।

पुलिस के अनुसार, देर रात होने के कारण पंचनामा की कार्रवाई तत्काल नहीं हो सकी। शुक्रवार को पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- नालंदा में अलग-अलग हादसों में दो की मौत; वाहन की टक्‍कर से अधेड़, करंट से बुजुर्ग की गई जान

यह भी पढ़ें- दिल्ली में चार्जिंग पर लगे ई-रिक्शा ने ली मासूम की जान, खेलते समय करंट की चपेट में आया बच्चा