हरेला पर्व पर देहरादून में महाअभियान, घर-घर पहुंचेंगे लाखों पौधे
नगर निगम देहरादून हरेला पर्व पर 'हरित देहरादून–स्वच्छ देहरादून' थीम के तहत एक महीने का वृहद पौधारोपण अभियान चलाएगा।

नगर निगम की ओर से स्कूलों और आंगनबाड़ियों में लगाए जाएंगे सहजन के पौधे
HighLights
हरेला पर्व पर देहरादून में एक माह का पौधारोपण अभियान
'मिशन पोषण संकल्प' से 5 लाख फल-सब्जी के पौधे वितरित
पौधों की जीपीएस मैपिंग और गढ़वाल राइफल्स का सहयोग
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला को इस बार दून में व्यापक हरियाली अभियान के रूप में मनाया जाएगा। नगर निगम ने ‘हरित देहरादून–स्वच्छ देहरादून’ थीम के साथ गुरुवार से एक माह तक शहरभर में वृहद पौधारोपण और पौध वितरण अभियान की कार्ययोजना तैयार की है।
अभियान के तहत एक ओर ‘मिशन पोषण संकल्प’ के माध्यम से चार से पांच लाख तक फल-सब्जियों की पौध घर-घर पहुंचाई जाएगी, वहीं दूसरी ओर शहर के सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और चिह्नित हरित क्षेत्रों में 70 हजार फलदार, चारा एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का वितरण और रोपण किया जाएगा।
70 हजार फलदार
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के अनुसार, हरेला पर्व पर ‘मिशन पोषण संकल्प’ के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रत्येक वार्ड में पार्षदों के समन्वय से लगभग चार से पांच लाख सब्जियों की पौध वितरित की जाएगी। अभियान की शुरुआत 16 जुलाई को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा घर-घर पौध वितरण के साथ होगी।
विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सहजन के पौधे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों और स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के साथ पोषण के महत्व से भी जोड़ना है।
17 जुलाई को स्कूलों और आंगनबाड़ी परिसरों में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 18 जुलाई को नगर निगम परिसर और निगम क्षेत्र के पार्कों, 20 जुलाई को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) क्षेत्रों और 21 जुलाई को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लगाकर भूलेंगे नहीं, जीपीएस से होगी पौधों की निगरानी
नगर निगम ने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया है। अभियान के दौरान लगाए जाने वाले पौधों की जीपीएस मैपिंग की जाएगी और सभी पौधों का विवरण ‘ग्रीन रजिस्टर’ में दर्ज किया जाएगा।
इससे पौधों के संरक्षण, रखरखाव और नियमित अनुश्रवण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। नगर निगम के हार्टिकल्चर विशेषज्ञ को पौधों की उपलब्धता, गुणवत्ता और संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
गढ़वाल राइफल्स संभालेगी लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी
नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि को भी अब हरियाली से संवारा जाएगा। इसके लिए नगर निगम गढ़वाल राइफल्स के साथ समन्वय कर 22 जुलाई को विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगा। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत इन स्थलों पर लगाए जाने वाले पौधों के रखरखाव में गढ़वाल राइफल्स की भागीदारी रहेगी।
23 जुलाई को नगर निगम क्षेत्र की अन्य अतिक्रमण मुक्त भूमि पर भी बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। अभियान के लिए तपोवन (आमवाला), सहस्रधारा वर्कशॉप, मंदाकिनी विहार, नालापानी में नदी किनारे, शीशमबाड़ा प्लांट और देहराखास समेत विभिन्न स्थानों को चिह्नित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।