Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून गोलीकांड: ब्रिगेडियर की मौत के बाद बार-पब पर पुलिस का शिकंजा, दो संचालकों पर केस

    Updated: Tue, 31 Mar 2026 09:18 PM (GMT+05:30)

    देहरादून में ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (सेनि) की गोली लगने से मौत के बाद पुलिस ने बार व पब पर शिकंजा कसा है। राजपुर रोड पर दो बार रात 11 बजे के बाद भी खुल ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, देहरादून। दो पक्षों के विवाद में चली गोली लगने से ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (सेनि) की मृत्यु की घटना के बाद पुलिस ने बार व पब पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

    सोमवार देर रात एसपी सिटी प्रमोद कुमार की देखरेख में चली चेकिंग अभियान के दौरान राजपुर रोड पर दो बार 11 बजे के बाद भी खुले पाए गए।

    ऐसे में दोनों बार संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बार व पब संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के बाद बार व पब खुले पाए गए तो संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

    राजपुर रोड से सटे जोहड़ी रोड पर आपसी विवाद के बाद फार्च्यूनर कार का पीछा करते हुए स्कार्पियो सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

    इसमें एक गोली साथियों संग सुबह की सैर पर निकले ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (सेनि) के सीने में जा लगी। इलाज के लिए उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

    घटना के बाद पुलिस ने देर रात जेन-जी बार के संचालक संदीप कुमार निवासी अमर कालोनी, मुंडका नागलोई, पश्चिम दिल्ली, बार स्टाफ मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर निवासी बेहलोता, खगड़िया (बिहार), रोहित कुमार निवासी मोहन गार्डन, उत्तम नगर, दिल्ली जबकि स्कार्पियो में सवार आदित्य चौधरी निवासी ननूरखेड़ा, नालापानी रायपुर, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है।

    फरार चल रहे स्कार्पियो सवार शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर व वैभव की तलाश की जा रही है।

    झकझोर देने वाली इस घटना के बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, एसपी ऋषिकेश और एसपी विकासनगर के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों की ओर से नगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।

    अभियान के दौरान सभी पब, बार व रेस्त्रां संचालकों को निर्धारित समयावधि के बाद अपने प्रतिष्ठानों को न खोलने और नियमों का उल्लंघन करने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

    एसएसपी ने बताया कि इस दौरान निर्धारित समयावधि के बाद अपने बार में लोगों को शराब पिलाने पर राजपुर क्षेत्र स्थित 02 बार संचालक पिरामिड बार और नुक्कड़ बार एवं रेस्टोरेंट के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

    साथ ही रात्रि में चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 वाहन चालकों को गिरफ्तार करते हुए संबंधित वाहनों को सीज किया गया। देर रात्रि तक बार व रेस्टोरेंट में शराब पीते मिले तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

    यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने देहरादून में ब्रिगेडियर की हत्या की निंदा की, BJP पर लगाया कानून-व्यवस्था में विफलता का आरोप

    यह भी पढ़ें- देहरादून में दोनों तरफ से हुई 08 राउंड फायरिंग, एक गोली रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लगी

    यह भी पढ़ें- देहरादून में कार का पीछा करते हुए फायरिंग, गोली लगने से रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हुई मौत

    खबरें और भी