Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिटकॉइन घोटाले में ईडी का शिकंजा, देहरादून में हेमंत शर्मा के घर मारा छापा

    Updated: Thu, 23 Apr 2026 09:44 PM (IST)

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने देहरादून में बिटकॉइन निवेश धोखाधड़ी के मुख्य आरोपित हेमंत शर्मा के मोहिनी रोड स्थित आवास पर छापा मारा। ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, देहरादून। बिटकॉइन में निवेश का झांसा देकर देहरादून, प्रदेश के अन्य जिलों और देशभर में लोगों को चूना लगाने वाले हेमंत शर्मा पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिकंजा और कड़ा कर दिया है।

    ईडी की देहरादून शाखा ने बिटकॉइन स्कैम के मुख्य आरोपित हेमंत शर्मा के मोहिनी रोड स्थित आवासीय परिसर पर छापा मारकर जांच-पड़ताल की।

    इससे पहले ईडी ने दिसंबर 2024 में हेमंत के राजपुर रोड स्थित आवास पर छापेमारी के क्रम में 4.56 करोड़ रुपये की संपत्ति को अनंतिम रूप से जब्त (अटैच) किया था।

    ईडी के सूत्रों के अनुसार, बिटकॉइन स्कैम के मामले में वर्ष 2021 में राजपुर थाने और ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। करोड़ों रुपये के स्कैम को देखते हुए ईडी ने मनी लांड्रिंग एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।

    जांच में पाया गया कि मुख्य आरोपित देहरादून निवासी हेमंत शर्मा ने बिटकोइन में निवेश कर रकम कई गुना करने का झांसा दिया और विभिन्न व्यक्तियों से करोड़ों रुपये लेकर हड़प लिए।

    आरोपित हेमंत ने लोगों को झांसे में लेने के लिए BTCFUND.in वेबसाइट पर निवेश करवाया। निवेश करने वाले व्यक्तियों को लालच दिया कि इस कंपनी से विदेशी नागरिक भी जुड़े हैं।

    उसने उत्तराखंड ही नहीं, देशभर के लोगों को झांसे में लिया और उनकी रकम हड़प ली। ईडी ने आगे की जांच में पता लगाया कि हेमंत ने धोखाधड़ी से जो रकम हासिल की, उससे बड़ी संख्या में अचल संपत्ति खरीदी हैं।

    पूर्व की चार संपत्तियों के अटैचमेंट के बाद अब ईडी अन्य संपत्तियों को भी कुर्क करने जा रही है। साथ ही बैंक में जमा रकम की जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, उनको भी फ्रीज किया जा रहा है।

    ईडी सूत्रों के अनुसार, मामले में जांच गतिमान है और ईडी मुख्य आरोपित समेत सह आरोपितों पर निरंतर कार्रवाई कर रही है।

    यह भी पढ़ें- Akshay Tritiya 2026: सोना-चांदी, बिटकॉइन या शेयर बाजार? 15 साल में 1511660% रिटर्न के साथ इसने चौंकाया

    यह भी पढ़ें- क्रिप्टो बाजार में जोरदार वापसी, बिटकॉइन संभला; छोटे टोकन ने मचाया धमाल