Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून: संतला देवी मंदिर के पास नदी उफनाने से टापू पर फंसे 7 लोग, SDRF ने बचाई जान

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 09:03 PM (IST)

    देहरादून के संतला देवी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण नदी में फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ और पुलिस ने सुरक्षित बचाया। ...और पढ़ें

    संतला देवी मंदिर के निकट टापू में फंसे लोगों को रेस्क्यू करती एसडीआरएफ की टीम।

    संतला देवी मंदिर के निकट टापू में फंसे लोगों को रेस्क्यू करती एसडीआरएफ की टीम।

    HighLights

    1. संतला देवी मंदिर के पास नदी में 7 लोग फंसे

    2. भारी बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण फंसे थे

    3. एसडीआरएफ और पुलिस ने जोखिमपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया

    जागरण संवाददाता, देहरादून। राजधानी देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध संतला देवी मंदिर के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

    भारी बारिश के कारण अचानक नदी का जलस्तर बढ़ जाने से सात व्यक्ति नदी के बीचों-बीच बने एक टापू पर फंस गए।

    सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम ने बेहद प्रतिकूल परिस्थितियों में जोखिमपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी सातों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

    अचानक बढ़ा पानी

    रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से एसडीआरएफ को आपातकालीन सूचना मिली कि संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है और कुछ लोग टापू पर फंस गए हैं, जिन्हें तत्काल मदद की आवश्यकता है।

    • तत्काल रवाना हुई टीम: सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
    • विपरीत परिस्थितियां: जब टीम मौके पर पहुंची तो लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव बेहद खतरनाक हो चुका था। चारों तरफ से उफनती तेज धाराओं के बीच फंसे इन लोगों के लिए खुद से बाहर निकल पाना नामुमकिन था।

    रस्सियों के सहारे बनी राह

    परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने बिना एक पल गंवाए स्थानीय सिविल पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

    नदी का बहाव तेज था और किनारे अत्यधिक फिसलन भरे थे। इसके बावजूद प्रशिक्षित जवानों ने अपनी पेशेवर दक्षता और साहस का परिचय देते हुए विशेष रेस्क्यू उपकरणों व रस्सियों की मदद से टापू तक पहुंच बनाई।

    एक-एक कर सभी सात व्यक्तियों को नदी की तेज धारा से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर लाया गया। जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण एक संभावित बड़ी जनहानि को टाल दिया गया।

    रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों की सूची

    • मुकेश (35 वर्ष) पुत्र महादेव, निवासी बल्लीवाला
    • सुशील (36 वर्ष) पुत्र इंद्रदेव, निवासी सीमाद्वार
    • प्रेम कुमार (27 वर्ष) पुत्र महेंद्र, निवासी सीमाद्वार
    • रोशन गुप्ता (32 वर्ष) पुत्र जनार्दन गुप्ता, निवासी सीमाद्वार
    • राजीव (30 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी- सीमाद्वार
    • पवन सिंह (25 वर्ष) पुत्र इंद्रदेव, निवासी- सीमाद्वार
    • सूरज साहनी (30 वर्ष), पुत्र सिताराम साहनी, निवासी सीमाद्वार

    प्रशासन ने मानसून के इस मौसम में स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लें और उफनते नदी-नालों के किनारे जाने से पूरी तरह परहेज करें।

    यह भी पढ़ें- देहरादून में भारी बारिश का रेड अलर्ट: सोमवार को बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र

    यह भी पढ़ें- नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: कल बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र, शिक्षकों के लिए भी छुट्टी

    खबरें और भी