देहरादून में मूसलधार बारिश से आफत: सड़कें बनीं तालाब, उफनते रपटों पर थमी वाहनों की रफ्तार
देहरादून के सेलाकुई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, सड़कें तालाब बन गईं और घरों में पानी घुस गया। उफनते रपटों पर वाहनों की आवाजाही थम ...और पढ़ें

देहरादून के सहसपुर स्थित चोरखाला रपटे पर खतरा उठाकर निकल रहे लोग। ग्रामीण
HighLights
सेलाकुई में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया
मुख्य सड़कें और ग्रामीण मार्ग जलमग्न होकर तालाब में बदले
उफनते रपटों पर वाहनों की रफ्तार थमी, लोग परेशान
संवाद सूत्र, सेलाकुई (देहरादून)। गुरुवार सुबह हुई मूसलधार बारिश ने पछवादून में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। कुछ घंटों की बारिश में मुख्य सड़कें और ग्रामीण मार्ग जलमग्न होकर तालाब में तब्दील हो गए।
रामपुर क्षेत्र की गुर्जर बस्ती में जलभराव के कारण हालात बिगड़ गए, जिससे पानी लोगों के घरों में घुस गया और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

रपटों के उफान पर आने से वाहनों के पहिए थम गए। हालांकि कुछ वाहन चालक खतरा उठाकर निकलते देखे गए।

बता दें कि हाल ही में बारिश के चलते उफान पर आए गोहना नदी के रुद्रपुर स्थित रपटे पर स्कूटी सवार बह गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

सहसपुर स्थित चोरखाले रपटे पर पहाड़ों से आए पानी के तेज बहाव ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए। जलस्तर इतना बढ़ गया कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

हालांकि, बारिश थमने के बाद जलस्तर में कमी आई, जिसके बाद लोग जान जोखिम में डालकर रपटे को पार करते नजर आए। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

यदि बारिश की तीव्रता बढ़ती है तो निचले इलाकों में जलभराव और उफनते रपटों के कारण स्थिति और विकट हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और बरसाती रपटों के आसपास सतर्कता बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अगले 24 घंटे भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, देहरादून उत्तरकाशी और बागेश्वर के लिए चेतावनी जारी
यह भी पढ़ें- देहरादून में 3 घंटे की आफत: 45 मिमी मूसलधार बारिश से 'तालाब' बना शहर, घरों में घुसा पानी