Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ...तो महानगरों के किडनैपर गैंग का दून की ओर रुख, स्कूल के बाहर सुरक्षा पर सवाल

    Updated: Tue, 10 Feb 2026 04:38 PM (IST)

    देहरादून के डालनवाला में दून इंटरनेशनल स्कूल की 11वीं की छात्रा के अपहरण का प्रयास किया गया। बुर्काधारी आरोपित ने वैन में खींचकर इंजेक्शन लगाने की कोश ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    विजय जोशी, देहरादून। देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में दून इंटरनेशनल स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा को शनिवार को स्कूल के बाहर से किडनैप करने का प्रयास किया गया, जिसने शहर में सुरक्षा पर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

    आरोपित बुर्काधारी ने वैन में खींचते हुए छात्रा की बांह पर इंजेक्शन लगाने की कोशिश की, लेकिन छात्रा की सहेलियों के शोर मचाने और हिम्मत दिखाने के कारण यह कोशिश नाकाम रही।

    यह घटना शिक्षा के केंद्र कहे जाने वाले देहरादून में बच्चों की सुरक्षा को लेकर व्यापक चिंता पैदा कर रही है। खासकर तब, जबकि देश के बड़े महानगरों में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं।

    जिससे किसी बड़े किडनैपर गैंग के दून में दस्तक देने की भी आशंका जताई जा रही है। फिल्मी अंदाज में किडनैपिंग के प्रयास के एनसीआर के मामलों के पैटर्न पर देखा जा रहा है।

    वैसे तो दिल्ली-एनसीआर में हालिया वर्षों में स्कूलों के बाहर से किडनैपिंग के बढ़ते मामले चिंता बढ़ा रहे हैं। अब दून में इस प्रकार की घटना डराने वाली है।

    पिछले वर्ष दिल्ली के ग्रेटर कैलाश और सीआर पार्क जैसी बस्तियों में स्कूल के बाहर नाबालिग छात्रों के साथ फिल्मी अंदाज की किडनैपिंग प्रयास दर्ज किए गए।

    अक्टूबर 2025 में ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में 11वीं के छात्र को स्कूल से बाहर गनप्वाइंट अगुआ किया गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर छात्र को सुरक्षित बचाया और चार आरोपितों को हिरासत में लिया गया।

    इसी कड़ी में सीआर पार्क इलाके में 16 वर्षीय छात्र को चार आरोपितों ने एसयूवी में धकेलने की कोशिश की, जिसमें पुलिस ने समय रहते आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

    एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में सालभर में आठ सौ से अधिक अपहरण हो चुके हैं। जिनमें बेहद योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया गया।

    विशेषज्ञों के अनुसार, स्कूल के बाहर बच्चों को निशाना बनाना अब सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं है। दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद जैसे इलाके में हाल के महीनों में कई ऐसे प्रयास सामने आए हैं, जहां बच्चों को स्कूल के बाहर बुलाया, दबोचा या गनप्वाइंट/कार में खींचकर ले जाने की कोशिश की गई।

    दून के पाश इलाके में वारदात, बढ़ी चिंता

    डालनवाला क्षेत्र देहरादून का पाश इलाका माना जाता है। यहां कई नामी निजी स्कूल और आवासीय कालोनियां हैं। यहां स्थानीय ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से आए हाई-प्रोफाइल परिवारों के बच्चे भी पढ़ते हैं। ऐसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में इस तरह का अपहरण प्रयास शहर के लिए बेहद चिंताजनक माना जा रहा है।

    दून इंटरनेशनल स्कूल में अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई

    घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने सुरक्षा को लेकर तत्काल कदम उठाए हैं। सोमवार को स्कूल की एसेंबली में छात्र-छात्राओं को सतर्क किया गया।

    बच्चों को सलाह दी गई कि वे स्कूल आते-जाते समय अकेले न रहें, अभिभावकों के साथ या समूह में ही आवागमन करें। इसके साथ ही छुट्टी के समय स्कूल के आसपास सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और नई सुरक्षा गाइडलाइन भी तैयार की जा रही है।

    बड़े गिरोह की आशंका, दिल्ली कनेक्शन पर भी नजर

    इस सनसनीखेज घटना को लेकर बड़े संगठित गिरोह की आशंका भी जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह किसी अंतरराज्यीय किडनैपिंग गिरोह की दस्तक हो सकती है।

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल के महीनों में स्कूली बच्चों को इस तरह निशाना बनाए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनकी चर्चा राष्ट्रीय मीडिया में भी हुई है।

    हालांकि, पुलिस के पास अभी तक लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत दर्ज होने और जांच शुरू होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला स्थानीय अपराध है या किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ।

    मैं दो दिन से देहरादून से बाहर था। सोमवार शाम लौटने पर स्टाफ से घटना की जानकारी मिली। छात्राओं द्वारा बताए गए घटनाक्रम के आधार पर पुलिस को लिखित शिकायत देने की तैयारी है। मंगलवार को थाने और एसपी सिटी को शिकायत दी जाएगी। स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। पीड़ित छात्रा और उसके अभिभावकों से भी बातचीत की जाएगी। स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं, लेकिन छात्राओं ने बताया कि घटनास्थल कैमरों की रेंज से बाहर था।
    डा. दिनेश बड़थ्वाल, प्रधानाचार्य, दून इंटरनेशनल स्कूल

    यह भी पढ़ें- देहरादून में फिल्मी अंदाज में छात्रा को किडनैप करने का प्रयास, वैन में खींचकर लगा रहे थे इंजेक्शन तभी...

    यह भी पढ़ें- बाहरी दिल्ली में प्लास्टिक व्यापारी की गोली मारकर हत्या, फिल्मी स्टाइल में सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोलियां

    खबरें और भी