पौड़ी: यमकेश्वर के देवराना गांव में गुलदार का आतंक, महिला पर हमला कर किया जख्मी
यमकेश्वर ब्लॉक के देवराना गांव में रविवार शाम एक गुलदार ने महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
यमकेश्वर के देवराना गांव में गुलदार ने महिला पर हमला किया
महिला को पैर में चोटें, प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार पकड़ने को पिंजरा मांगा
संवाद सूत्र, यमकेश्वर। पौड़ी जनपद के यमकेश्वर ब्लाक के देवराना गांव में बीते रविवार शाम करीब छह बजे गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया।
महिला ने सुरक्षा के लिए शोर मचाया तो आसपास की महिलाएं भी शोर मचाते हुए उस तरफ दौड़ी तो लोगों को आता देख गुलदार जंगल की तरफ भाग गया।
इस दौरान गुलदार के पंजे लगने से महिला के पैरों में जख्म हो गए। गुलदार के हमले की सूचना मिलने पर पूरे क्षेत्र में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने को कड़े इंतजाम करने की मांग की।
देवराना निवासी उर्मिला देवी ने बताया कि वह रविवार दोपहर जंगल से मवेशियों को चराकर घर लौट रही थीं। इस दौरान गुलदार ने उनकी बकरी पर हमला कर दिया। बकरी को बचाने के लिए उसने शोर मचाया।
शोर की आवाज सुनकर गुलदार गुर्राता हुआ उनके तरफ लपका। गुलदार ने उसके पैर पर पंजे मार कर उसे जख्मी कर दिया। इस दौरान आसपास की महिलाएं भी शोर मचाते हुए उनकी तरफ दौड़ी तो लोगों को आता देख गुलदार भाग गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें नजदीकी चिकित्सालय में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उसे घर भेज दिया। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग से क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाने की मांग की है। जिससे गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
गुलदार के हमले की सूचना मिलते पर तत्काल देवराना गांव में वन विभाग की टीम को भेजा गया। गुलदार को पकड़ने के लिए विभागीय टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। ग्रामीणों से भी अपील है कि जंगल में अकेले न जाएं। कहीं भी गुलदार या अन्य हमलावर वन्य जीव दिखें तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
- अनुराग जोशी, वन क्षेत्राधिकारी लालढांग रेंज
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड बार्डर पर गुलदार की दहशत: पेड़ पर बैठकर राहगीरों को घूरता है यह खौफनाक शिकारी
यह भी पढ़ें- देहरादून में 3 शावकों के साथ मादा गुलदार की फोटो वायरल, AI जनरेटेड होने का संदेह; वन विभाग ने बैठाई जांच