Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड बार्डर पर गुलदार की दहशत: पेड़ पर बैठकर राहगीरों को घूरता है यह खौफनाक शिकारी

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 05:00 PM (IST)

    कोटद्वार के आबादी वाले इलाकों में गुलदार बेखौफ घूम रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ...और पढ़ें

    कोटद्वार में बीईएल रोड में बिजनौर वन प्रभाग के जंगल में पेड़ पर बैठा गुलदार।

    कोटद्वार में बीईएल रोड में बिजनौर वन प्रभाग के जंगल में पेड़ पर बैठा गुलदार।

    HighLights

    1. गुलदार कोटद्वार के आबादी वाले इलाकों में बेखौफ घूम रहा है

    2. सड़कों पर और पेड़ों पर बैठकर राहगीरों को इत्मीनान से घूरता है

    3. स्थानीय लोग वन विभाग से गुलदार के आतंक से मुक्ति चाहते हैं

    संवाद सहयोगी, कोटद्वार (पौड़ी)। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर कार्बेट रिजार्ट से ‘खदेड़ा’ गया गुलदार अब आबादी के बीच सड़कों पर बिंदास घूम रहा है।

    इन दिनों बीईएल रोड पर चहलकदमी करता नजर आ रहा है। यह शातिर शिकारी इतना बेखौफ है कि सड़कों पर आते-जाते लोगों को देखकर भी नहीं हटता। दिन में कई बार पेड़ों पर बैठकर राहगीरों को घूरता नजर आता है।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आमतौर पर रात में निकलने वाला गुलदार दोपहर में सड़क किनारे बिजनौर वन प्रभाग के जंगलों में एक पेड़ पर शान से बैठा नजर आया।

    आमतौर पर इंसानों को देखकर भागने वाला यह वन्यजीव, राहगीरों को देखने के बाद भी हटा नहीं, बल्कि उनकी तरफ इत्मीनान से घूरता रहा।

    करीब एक महीने पहले यही गुलदार खंडहर हो चुके पर्यटक विभाग के कार्बेट रिजार्ट की छत पर धूप सेकते देखा गया था।

    तब वन विभाग ने दावा किया था कि उन्होंने गुलदार को खदेड़ दिया है, लेकिन लगता है कि यह गुलदार भागा नहीं, बल्कि सड़कों पर आबादी के बीच आकर वन विभाग को खुली चुनौती दे रहा है।

    उसकी दबंगई आजकल इंटरनेट मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही है। इलाके के लोग उसकी अकड़ से जितने हैरान हैं, उससे कहीं ज्यादा उसके हमले से डर रहे हैं।

    आबादी क्षेत्र में बढ़ी धमक

    बीईएल रोड ही नहीं बल्कि, कोटद्वार क्षेत्र में जंगल से सटे आबादी क्षेत्रों में लगातार गुलदार की धमक बढ़ रही है। लगभग दो सप्ताह पूर्व गुलदार गिवईस्रोत तक पहुंच गया था। कई बार बुद्धा पार्क के आसपास घूमता हुआ भी दिखाई दे चुका है।

    वहीं, कुछ दिन पूर्व गुलदार कण्वाश्रम-घराट मार्ग पर भी दिखाई दिया। लगभग एक माह पूर्व गुलदार ने सनेह क्षेत्र में एक महिला पर हमला कर दिया था।

    लगातार बढ़ रही गुलदार की धमक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलवाने की मांग की है।

    यह भी पढ़ें- देहरादून में 3 शावकों के साथ मादा गुलदार की फोटो वायरल, AI जनरेटेड होने का संदेह; वन विभाग ने बैठाई जांच

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के लैंसडौन में गुलदार का आतंक बढ़ा, शाम ढलते ही सड़कों पर दहशत