देहरादून: मालदेवता में आपदा राहत कार्य के दौरान बवाल, ग्राम प्रधान समेत कई पर मुकदमा
देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में भारी बारिश के बाद सड़क खोलने पहुंचे पीएमजीएसवाई कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें
HighLights
मालदेवता में सड़क खोलने पहुंचे पीएमजीएसवाई कर्मचारियों से मारपीट
ग्राम प्रधान सहित कई ग्रामीणों पर राजकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप
रायपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की
जागरण संवाददाता, देहरादून। मालदेवता क्षेत्र में मंगलवार को भारी बारिश के बाद बंद हुई सड़क को खोलने पहुंचे पीएमजीएसवाई (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना) के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है।
विभाग की शिकायत पर रायपुर थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विभाग की ओर से रायपुर थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, 28 जुलाई को सुबह करीब 10:50 बजे उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मालदेवता-सेरकी-सिल्ला-भैसवाड़ मोटर मार्ग पर भारी बारिश से आए मलबे को जेसीबी से हटाकर यातायात बहाल करने का कार्य चल रहा था।
इसी दौरान ग्राम प्रधान सेरकी-बौढ़ा श्याम सिंह पयाल, सुरेश निवासी जबाड़ी, पंवार (रतन हार्डवेयर, मालदेवता) तथा अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विभागीय कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए राजकीय कार्य में बाधा डालने लगे।
शिकायत में आरोप है कि आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उन्हें खाई में धकेलने का प्रयास भी किया।
घटना में वाहन चालक श्रतिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके हाथ की एक उंगली टूट गई। वहीं नितिन चौहान (क्यूएस) और अमित जड़ोदिया (केएई) को भी चोटें आई हैं। घायल चालक का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र और एसडीएम देहरादून को दी गई। इसके बाद विभाग ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए रायपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।