देहरादून में एमडीडीए का बुलडोजर एक्शन, अवैध कालोनियां की ध्वस्त
देहरादून में अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ एमडीडीए ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने 50 बीघा से अधिक क्षेत्र में विकसित अवैध प्लाटिंग ...और पढ़ें

तपोवन एन्क्लेव में विकसित की जा रही अवैध कालोनी की प्लाटिंग ध्वस्त करती एमडीडीए की टीम। प्राधिकरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। दून में तेजी से फैल रहे अवैध प्लाटिंग व अनधिकृत कालोनियों के कारोबार पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ा प्रहार किया है।
शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में प्राधिकरण ने करीब 50 बीघा से अधिक क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया और मसूरी रोड पर नियमों के विपरीत बनाए जा रहे एक निर्माण को सील कर दिया गया।
संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को हाल के महीनों में अवैध कालोनियों के खिलाफ एमडीडीए की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक माना जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले तपोवन एन्क्लेव क्रास-11 रोड क्षेत्र में कार्रवाई की।
यहां गिरी नामक व्यक्ति द्वारा लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के प्लाटिंग विकसित की जा रही थी।
जांच में पाया गया कि भूमि को आवासीय कालोनी के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही थी, जबकि इसके लिए आवश्यक मानचित्र और ले-आउट की कोई स्वीकृति नहीं ली गई थी।
इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लाटिंग से जुड़े विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
सहस्रधारा रोड पर 25 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी
इसके बाद एमडीडीए की टीम सहस्रधारा रोड स्थित ब्राह्मणवाला खाला क्षेत्र के मंदाकिनी विहार पहुंची। यहां वरुण खन्ना, बडोला और अन्य लोगों द्वारा करीब 20 से 25 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी।
प्राधिकरण ने मौके पर बने रास्तों, सीमांकन और अन्य विकास कार्यों को हटाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि बिना स्वीकृति विकसित हो रही कालोनियां भविष्य में बुनियादी सुविधाओं व शहरी नियोजन के लिए गंभीर समस्या बन सकती हैं।
मसूरी रोड पर निर्माण सील
अभियान के दौरान गल्जवाड़ी, मसूरी रोड क्षेत्र में सुरेंद्र पांडेय द्वारा किए जा रहे एक निर्माण को भी नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर सील कर दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार संबंधित निर्माण के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
खबरें और भी
बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण व अवैध प्लाटिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
-बंशीधर तिवारी, उपाध्यक्ष, एमडीडीए
यह भी पढ़ें- देहरादून में एमडीडीए का बड़ा एक्शन, अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर
यह भी पढ़ें- देहरादून में गर्मी से निपटने की तैयारी, एमडीडीए ने 968 करोड़ की योजना में तापमान नियंत्रण को दी प्राथमिकता