ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान मेरठ के 2 पर्यटक बहे, SDRF चला रही सर्च ऑपरेशन
ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान मेरठ के दो पर्यटक, एक महिला और एक पुरुष, तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। एसडीआरएफ ने उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, ल ...और पढ़ें

लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के सिंगटाली पुल के पास सर्च आपरेशन चलती एसडीआरएफ की टीम।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। मेरठ में एक कार कंपनी के शोरूम में कार्यरत महिला और पुरुष कर्मचारी मालाकुंठी पुल के पास गंगा में नहाते समय संतुलन बिगड़ने से गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ ने दोनों की तलाश में सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
प्रभारी निरीक्षक एसडीआरएफ कविंद्र सजवाण ने बताया कि मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत छह कर्मचारी गुरुवार को अवकाश होने के कारण ऋषिकेश घूमने आए थे।
घूमते हुए सभी थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के सिंगटाली पुल के पास पहुंचे। पुल के समीप स्नान के लिए गंगा में उतरे। इस दौरान दल सदस्यों में से 30 वर्षीय ऋतु पत्नी वांशिक माहेश्वरी निवासी सरायलाल पास, मेरठ और 42 वर्षीय नरेश उपाध्याय निवासी ग्राम जंगेठी, थाना कंकरखेड़ा मेरठ संतुलन खोकर गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
उनके साथी कर्मचारियों ने शोर मचाया। सूचना पर लक्ष्मणझूला पुलिस, एसडीआरएफ ढालवाला और ब्यासी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ टीम के डीप डाइवर ने गंगा की गहराई तक उनकी तलाश की। साथ हीराफ्टों की मदद भी ली गई। देर शाम तक उनका कुछ पता नहीं चल पाया है। उनके साथ आए मनीष, नितिन, पायल और कशिश ने पुलिस को बताया कि वह कार कंपनी के शोरूम में काम करते हैं।
सुरक्षित घाटों पर स्नान की अपील
गंगा में स्नान करते हुए लगातार बहने की घटनाओं को देखते हुए एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों, स्थानीय लोगों से सुरक्षित घाटों पर स्नान की अपील की है। ऋषिकेश में कई स्नान घाट खतरनाक हैं और स्नान के लिए प्रतिबंधित हैं।
कई बार श्रद्धालु और पर्यटक गंगा में रेत के तट पर चले जाते हैं। जहां गंगा की गहराई का अंदाजा न होने और तेज बहाव की चपेट में आकर बह जाते हैं।
प्रभारी निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने तेज बहाव वाले गंगा क्षेत्रों में दूर रहकर सुरक्षित घाटों पर स्नान की अपील की। गंगा किनारे पत्थरों पर भी खतरे की बात लिखी गई है। साथ ही बोर्ड लगाकर भी खतरनाक घाटों की चेतावनी दी गई है।
खबरें और भी
हाल में हुई बहने की प्रमुख घटनाएं
लक्ष्मणझूला क्षेत्र
- 01 मई को 18 वर्षीय वंश निवासी निजामपुर, दिल्ली मालाकुंठी में गंगा में बहे
- 09 मई को 20 वर्षीय हर्षित उपाध्याय निवासी भिकियासैंण, अल्मोड़ा भागीरथी घाट पर गंगा बहे
- 22 मई के 25 वर्षीय मोहम्मद फैजान और 19 साल का मोहम्मद कैफ निवासी नौगावां सादात, अमरोहा, यूपी सेल्फी लेते गंगा में बहे
मुनिकीरेती क्षेत्र
- 16 मई को नमामि गंगे घाट पर 24 वर्षीय वेदप्रकाश निवासी चचियाबास, कोटकासिम, राजस्थान गंगा में बहे
- 14 मई को 16 वर्षीय आशीष कुमार निवासी सागरपुर, जनकपुरी, नई दिल्ली पांडु पत्थर के पास गंगा में बहे
- 25 मई को चंदन यादव निवासी जितेंद्र कालोनी, नोएडा सच्चाधाम घाट के पास गंगा में बहे
ऋषिकेश क्षेत्र
- 14 मई को 30 वर्षीय सोनू वर्मा निवासी लाडो सराय, मालवीयनगर, नई दिल्ली साईं घाट पर गंगा में बहे
- 24 मई को नावघाट पर 17 वर्षीय छात्र आयुष थापा निवासी कनाट प्लेस, चकराता रोड, देहरादून बहे
यह भी पढ़ें- हिमाचल के डैम से अचानक छोड़ा गया पानी बना काल, देहरादून में 3 साल की बच्ची की डूबने से मौत