मसूरी में महिला IIT इंजीनियर की मौत: पोस्टमार्टम में चोट के निशान नहीं, बिसरा जांच पर टिकी पहेली
मसूरी के एक होमस्टे में आईआईटी इंजीनियर पी. राधा गायत्री की रहस्यमयी मौत पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों के लिए पहेली बन गई है। ...और पढ़ें

मसूरी में आईआईटी इंजीनियर पी. राधा गायत्री की रहस्यमयी मौत।
HighLights
मसूरी होमस्टे में आईआईटी इंजीनियर पी. राधा गायत्री की रहस्यमयी मौत
पोस्टमार्टम में शरीर पर मारपीट या चोट के निशान नहीं मिले
पुलिस अब मौत का कारण जानने को बिसरा रिपोर्ट पर निर्भर
जागरण संवाददाता, देहरादून। शादी के सात महीने बाद सैर के लिए उत्तराखंड पहुंचे दंपती की यात्रा एक रहस्यमयी मौत के मामले में बदल गई है।
मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित टिपड़ीधार के कियाना होमस्टे में मृत मिली आइआइटी इंजीनियर पी. राधा गायत्री की मौत अब पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों के लिए पहेली बन गई है।
महिला के पिता ने मौत पर संदेह जताते हुए गहन जांच की मांग की है। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच कई स्तरों पर शुरू कर दी है।
वहीं, मंगलवार को देहरादून में चिकित्सकों के पैनल ने मृतका का पोस्टमार्टम किया। अभी पुलिस विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है।
रात साथ थे, सुबह मिली मृत
दिल्ली निवासी दंपती 14 जून को मसूरी पहुंचे थे और टिपड़ीधार स्थित होमस्टे में ठहरे थे। पति सौम्य शरण के अनुसार, दोनों देर रात तक साथ थे और शराब पी। सुबह उठने पर पत्नी अचेत अवस्था में मिली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। मामले की जांच कर रही पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मौत के कारणों का पता लगाना है।
बिसरा रिपोर्ट से खुलेगा राज
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के शरीर पर किसी प्रकार की मारपीट, संघर्ष या बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। यही वजह है कि जांच अब मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट पर काफी हद तक निर्भर हो गई है।
एसएसपी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित रख परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शरीर में किसी प्रकार का विषैला पदार्थ मौजूद था या नहीं।
कमरे से मिला सारा सामान सील
पुलिस ने होमस्टे के कमरे से बरामद सभी वस्तुओं को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। कमरे से मिले सामान, पेय पदार्थों के अवशेष, उपयोग की गई वस्तुओं और अन्य साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
खबरें और भी
जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि मौत से पहले कमरे में क्या परिस्थितियां थीं और क्या कोई ऐसा तत्व मौजूद था, जो मौत की वजह बन सकता है। फोरेंसिक रिपोर्ट और बिसरा जांच को इस मामले की सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है।
स्वजन की मांग पर हर पहलू खंगाल रही पुलिस
गायत्री के पिता पी. सुधाकर ने घटना को संदिग्ध बताते हुए विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि मामले को केवल सामान्य मौत मानकर नहीं देखा जा रहा, बल्कि हर संभावित पहलू की जांच की जा रही है।
घटनास्थल से जुटाए गए सभी साक्ष्यों का विज्ञानी परीक्षण कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा जांच और फोरेंसिक विश्लेषण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मसूरी में दिल्ली की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों मौत, नाक से बह रहा था खून; जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
यह भी पढ़ें- मसूरी में दर्दनाक हादसा: ब्रेक फेल होने से खाई में गिरी सैलानियों की कार, चार की मौत