मसूरी में पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान, बनेगा एक और रोपवे; अलाइनमेंट तय
उत्तराखंड सरकार मसूरी में जॉर्ज एवरेस्ट से कैंप्टी फॉल तक एक नए रोपवे का निर्माण करने जा रही है, जिसका अलाइनमेंट तय हो चुका है। ...और पढ़ें

HighLights
जॉर्ज एवरेस्ट से कैंप्टी फॉल तक नया रोपवे
पर्यटन स्थलों को जोड़ेगा, यातायात दबाव घटाएगा
प्रस्ताव कैबिनेट में, मसूरी में तीसरा रोपवे नेटवर्क
अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। उत्तराखंड सरकार मसूरी को आधुनिक रोपवे नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। जार्ज एवरेस्ट से अटल उद्यान, केमल बैक रोड, लाल टिब्बा होते हुए कैंप्टी फॉल तक नए रोपवे का अलाइनमेंट तय कर लिया गया है।
आवास विभाग ने बोर्ड में इसे मंजूरी दे दी है। अब प्रस्ताव को कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। इस परियोजना के बाद मसूरी में तीन रोपवे का ऐसा नेटवर्क विकसित होगा, जिसमें शहर तक पहुंचने, प्रमुख पर्यटन स्थलों तक आवागमन व पुराने पर्यटन सर्किट को जोड़ने के लिए अलग-अलग रोपवे होंगी। इससे सड़कों पर दबाव को कम करने के साथ पर्यटन गतिविधियों का विस्तार भी संभव होगा।
तीनों रोपवे अलग-अलग जरूरत पूरी करेंगे
- मसूरी में फिलहाल झूलाघर से गन हिल तक रोपवे संचालित है, यह रोपवे शहर के पारंपरिक पर्यटन स्थल तक पहुंच उपलब्ध कराता है।
- दूसरा रोपवे देहरादून के पुरकुल से मसूरी तक बन रहा है। यह रोपवे मैदानी क्षेत्र से सीधे पहाड़ तक वैकल्पिक परिवहन देगा। यह देश का सबसे लंबा पैसेंजर रोपवे है।
- तीसरे रोपवे से जार्ज एवरेस्ट, अटल उद्यान, केमल बैक, लाल टिब्बा व कैंप्टी फॉल को जोड़ने की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित नया रोपवे मसूरी के भीतर प्रमुख दर्शनीय स्थलों को आपस में जोड़ेगा।
तीनों रोपवे अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरत पूरी करेंगे। पर्यटन का लाभ अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचेगा। इससे माल रोड पर निर्भरता कम होने के साथ पर्यटन गतिविधियां पूरे शहर में फैल सकेंगी।
संकरी सड़कें, लंबा जाम...जरूरी तीसरा रोपवे
पिछले कुछ वर्षों में मसूरी आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ी है। अब पर्यटक जार्ज एवरेस्ट, लैंडौर, लाल टिब्बा और केमल बैक जैसे स्थानों पर बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इन क्षेत्रों में सड़कें संकरी हैं।
खबरें और भी
पर्यटन सीजन में लंबा जाम आम बात है। ऐसे में सरकार अब पर्यटन स्थलों के बीच वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना चाहती है, ताकि सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो। पर्यटक कम समय में अधिक स्थानों तक पहुंच सकें।
आसान होगा कैंप्टी फॉल का सफर
अभी जार्ज एवरेस्ट से कैंप्टी फॉल तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को जार्ज एवरेस्ट से हाथीपांव, कंपनी गार्डन (अटल उद्यान), लाइब्रेरी चौक, गांधी चौक, पिक्चर पैलेस, भट्टा गांव, कैंप्टी रोड होते हुए कैंप्टी फॉल पहुंचना पड़ता है। प्रस्तावित रोपवे जार्ज एवरेस्ट से लाल टिब्बा होते हुए कैंप्टी फॉल को सीधे जोड़ेगा। पर्यटक एक ही ट्रिप में कई दर्शनीय स्थलों का आसानी से भ्रमण कर सकेंगे।
नए रोपवे का अलाइनमेंट तय कर लिया गया है, जल्द इसे कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद आगे परियोजना पर काम शुरू कराया जाएगा। - आर राजेश कुमार, सचिव-आवास
यह भी पढ़ें- मसूरी में हरियाणा के पर्यटकों की गुंडागर्दी: कार टकराने पर व्यक्ति का दूध की क्रेट से सिर फोड़ा, वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें- दून-मसूरी के पर्यटन स्थल: भीषण गर्मी से राहत पाने को उमड़ी भीड़, 1.5 घंटे का सफर 4 घंटे में हुआ पूरा