Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ऋषिकेश गंगा में नहाते समय नोएडा के युवक की मौत, गाजियाबाद के युवक को बचाया

    Updated: Mon, 25 May 2026 09:00 PM (IST)

    ऋषिकेश में मुनिकीरेती के सच्चा धाम घाट पर गंगा में नहाते समय नोएडा के एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जिसे एसडीआरएफ ने बाहर निकाला। ...और पढ़ें

    गंगा में बहे नोएडा के युवक की तलाश करती एसडीआरएफ टीम। एसडीआरएफ

    गंगा में बहे नोएडा के युवक की तलाश करती एसडीआरएफ टीम। एसडीआरएफ

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। मुनिकीरेती तपोवन क्षेत्र के सच्चा धाम घाट पर नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर नोएडा का एक युवक गंगा में बह गया।

    मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला। युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    प्रभारी निरीक्षक एसडीआरएफ कविंद्र सजवाण ने बताया कि दिल्ली और नोएडा से छह सदस्यों का एक दल ऋषिकेश घूमने आया था। दल के सदस्य तपोवन क्षेत्र में सच्चा धाम गंगा घाट पर नहाने के लिए उतरे।

    इस दौरान 21 वर्षीय चंदन यादव पुत्र राम अवतार निवासी सेक्टर 63, जितेंद्र कालोनी नोएडा, उत्तर प्रदेश गंगा के गहरे पानी में तैरने का प्रयास करने लगा।

    इस दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा। उसके साथ आए लोगों ने शोर भी मचाया लेकिन चंदन आगे जाकर गंगा में ओझल हो गया।

    सूचना पर एसडीआरएफ की डाइविंग टीम मौके पहुंची और गंगा में चंदन की तलाश शुरू की। एसडीआरएफ के डीप डाइवर अनूप सिंह रावत ने करीब 15 फीट गहराई से चंदन को बाहर निकाला।

    बाहर निकालने पर वह अचेत अवस्था में था। काफी प्रयासों के बावजूद जब उसे होश नहीं आया तो पुलिस ने उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। मुनिकीरेती थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश पांडे ने बताया कि अस्तपाल में चिकित्सकों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया।

    स्नान के दौरान बहे गाजियाबाद के युवक को बचाया

    गंगा दशहरा पर्व पर त्रिवेणी घाट पर स्नान कर रहा गाजियाबाद निवासी युवक अचानक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घाट पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने तत्परता से रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

    एसडीआरएफ टीम के प्रभारी निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि मोदीनगर, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी अवनीश कुमार पुत्र वीरेंद्र त्रिवेणी गंगा घाट में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।

    युवक को बहता देख मौके पर तैनात एसडीआरएफ जवाव ने अवनीश को सुरक्षित गंगा से बाहर निकाल लिया।

    उन्होंने बतया कि गंगा दशहरा को लेकर एसडीआरएफ की टीम दिनभर नीम बीच, लक्ष्मण झूला घाट, मस्तराम घाट, सीता घाट, स्वर्ग आश्रम घाट, नाव घाट राम झूला, परमार्थ निकेतन, जानकी पुल और त्रिवेणी घाट पर तैनात थी।

    टीम मोटर बोट, डगी और राफ्ट के माध्यम से गंगा में लगातार गश्त और मानिटरिंग करती रही।

    यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में डूबे नौगावां सादात के मोहम्मद कैफ का शव चौथे दिन बरामद

    यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में चश्मे को उठाने के चक्कर में गंगा में बहा किशोर, दून से 4 दोस्तों के साथ आया था घूमने