ऋषिकेश हाईवे पर पेड़ों की कटाई का विरोध जारी, दो पर मुकदमा दर्ज
ऋषिकेश-भानियावाला राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण में पेड़ों के पातन कार्य में बाधा डालने और सड़क जाम करने पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
ऋषिकेश-भानियावाला राजमार्ग पर पेड़ों की कटाई का विरोध प्रदर्शन
सड़क जाम करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने पर मुकदमा
पर्यावरण संगठनों ने 3000 पेड़ों के कटान पर जताई चिंता
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। ऋषिकेश-भानियावाला राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) के चौड़ीकरण को लेकर पेड़ों के पातन कार्य में बाधा पहुंचाने और सड़क जाम करने वाले दो आरोपितों पर ऋषिकेश पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं सोमवार को ऋषिकेश-भानियावाला मार्ग पर सात मोड़ के समीप पेड़ों को कटाने का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी और पुलिस कर्मियों में तीखी नोक-झोंक हुई। पर्यावरण, सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन कर सरकार से पर्यावरण की दृष्टि से इस पर निर्णय लेने की मांग की।
सात मोड़ के समीप चल रहे पेड़ों के पातन कार्य के दौरान पर्यावरण, सामाजिक संगठनों से जुड़े व स्थानीय लोगों ने पेड़ों के अंधाधुंध कटान का विरोध किया।
उन्होंने 3000 पेड़ों के होने वाले कटान से पर्यावरण क्षति को लेकर आगाह किया। लोगों के बढ़ते विरोध के चलते सोमवार को मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
इस दौरान कई बार प्रदर्शनकारियों और पुलिस कर्मियों के बीच बहस व टकराव की स्थिति बनी।
वहीं ऋषिकेश पुलिस ने राजमार्ग को बाधित करने और सड़क चौड़ीकरण में पेड़ों के पातन कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में दो युवकों की पहचान कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, पिछले कई दिनों से दो युवक द्वारा वृक्षों की कटाई का विरोध किया जा रहा है। एक व्यक्ति ने पेड़ों से लिपटकर कार्य में अवरोध किया वहीं दूसरे ने सड़क जाम करने और अन्य लोगों को उकसाने का प्रयास किया। जिससे सरकारी कार्य एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
पुलिस ने अनुसार दोनों युवकों को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। जिसके बाद कुंदन सिंह बिष्ट निवासी ग्राम बगुना, पोस्ट रतगल, तहसील रानीखेत, जनपद अल्मोड़ा और रणविजय निवासी भजनगढ़ रोड, 14 बीघा, ऋषिकेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।