ऋषिकेश में पेड़ कटान पर बवाल: उक्रांद कार्यकर्ता ने तोड़ी आरा मशीन, 13 लोग गिरफ्तार
ऋषिकेश-भानियावाला राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए पेड़ कटान के विरोध में सात मोड़ क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया, जिसमें एक उक्रांद कार ...और पढ़ें

ऋषिकेश-भानियावाला मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर पेड़ों के कटान के विरोध में आरा मशीन तोड़ता प्रदर्शनकारी। फोटो- वीडियो ग्रैब
HighLights
ऋषिकेश-भानियावाला राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए पेड़ कटान का विरोध
प्रदर्शनकारी ने आरा मशीन तोड़ी, पुलिस ने 13 को किया गिरफ्तार
वन विकास निगम ने मशीन तोड़ने वाले पर दर्ज कराई शिकायत
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। ऋषिकेश-भानियावाला राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए किए जा रहे पेड़ कटान को लेकर मंगलवार को भारी बवाल हो गया।
सात मोड़ क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया और पेड़ों से लिपटकर कटान का विरोध किया।
इस दौरान उग्र हुए उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के एक कार्यकर्ता ने पेड़ काट रहे कर्मी से पोर्टेबल आरा मशीन छीनकर जमीन पर पटक-पटक कर तोड़ डाली।
पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, हंगामा करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 13 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद उनके स्वजन को सौंपा।
वहीं, वन विकास निगम ने आरा मशीन तोड़ने वाले नामजद आरोपित के खिलाफ ऋषिकेश कोतवाली में तहरीर दी है।
आरा मशीन छीनी और जमीन पर पटकी, कटान रोका
मंगलवार सुबह सात मोड़ के समीप मुख्य मार्ग पर वन विकास निगम ने जैसे ही पेड़ों के कटान का कार्य शुरू कराया, वैसे ही कई पर्यावरण व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, स्वयंसेवी और उक्रांद कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
प्रदर्शनकारी हाथों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश लिखी तख्तियां लेकर नारे व गीतों के जरिये अपना विरोध दर्ज करा रहे थे।
इस दौरान पर्यावरण प्रेमियों ने हरे-भरे पेड़ों के कटान को प्रकृति के लिए खतरनाक बताते हुए केंद्र सरकार व एनजीटी से इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की।
इसी बीच जब निगम के कर्मियों ने कटान जारी रखा, तो उग्र हुए उक्रांद कार्यकर्ताओं में से एक ने पेड़ काट रहे कर्मी के हाथ से छोटी आरा मशीन छीन ली और उसे कई बार जमीन पर पटक कर तोड़ डाला।
इस हंगामे के चलते कुछ देर के लिए काम रुक गया, जिसके बाद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक वहां से हटाया।
13 गिरफ्तार, 4 हिरासत में
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत वन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) द्वारा पेड़ कटान का कार्य कराया जा रहा था।
इस दौरान कुछ लोग पेड़ों से लिपट गए। पुलिस, वन विभाग और एनएचएआइ के अधिकारियों ने उन्हें समझाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।
शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने नौ पुरुषों और चार महिलाओं समेत कुल 13 लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया है।
इन्हें किया गिरफ्तार
- प्रमिला रावत निवासी गढ़ी कैंट रोड देहरादून
- दीप्ति रावत निवासी नेहरू कालोनी देहरादून
- सौम्य निवासी दुर्गा चौक भानियावाला
- पवन बिष्ट निवासी चोपड़ा फार्म श्यामपुर ऋषिकेश
- मुकेश भट्ट निवासी चोपड़ा फार्म श्यामपुर ऋषिकेश
- शैलेंद्र गुसाईं निवासी अठूरवाला विस्थापित भानियावाला
- राकेश निवासी दुर्गा मंदिर भानियावाला
- हिमांशु पुंडीर निवासी निरंजनपुर देहरादून
- भुवन चंद्र पाठक निवासी बागेश्वर
- त्रिलोचन भट्ट निवासी बालावाला देहरादून
- राघवेंद्र निवासी सहस्रधारा रोड देहरादून
- निर्मला निवासी सरस्वती विहार देहरादून
- विजया मैठाणी निवासी नत्थुवाला रोड देहरादून
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इसके अतिरिक्त, सात मोड़ क्षेत्र में उग्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने एहतियातन चार अन्य लोगों को हिरासत में लिया था।
पकड़े गए विजय शर्मा निवासी सीमाद्वार, प्रीतम सिंह निवासी रायपुर, जतिन निवासी भानियावाला और मनीष निवासी रायपुर से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उन्हें उनके स्वजन के सुपुर्द कर दिया।
मशीन तोड़ने वाले आरोपित के खिलाफ पुलिस में तहरीर
इस पूरे घटनाक्रम के बाद वन विकास निगम भी सख्त रुख अख्तियार कर चुका है। निगम के अनुभाग अधिकारी (बड़कोट) देवीराम सेमवाल की ओर से ऋषिकेश कोतवाली में लिखित तहरीर दी गई है।
खबरें और भी
तहरीर में कहा गया है कि पूछताछ के दौरान पोर्टेबल आरा मशीन तोड़ने वाले आरोपित की पहचान सौम्या चौधरी के रूप में हुई है।
निगम ने पुलिस से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की नियमित गश्त और ड्यूटी जारी है।
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश-भानियावाला फोरलेन हाईवे का काम रहेगा जारी, हाई कोर्ट से NHAI को मिली बड़ी राहत
यह भी पढ़ें- भानियावाला-ऋषिकेश प्रोजेक्ट पर NHAI की सफाई, कहा- 'अदालत के आदेशों का हो रहा है पूर्ण पालन'