देहरादून में स्पा सेंटर पर अनैतिक गतिविधियों के आरोप, युवाओं का जोरदार प्रदर्शन
देहरादून के चरकाता रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाते हुए युवाओं ने हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और ...और पढ़ें

चरकाता रोड स्थित एक स्पा सेंटर के बाहर हंगामा करते युवा।
HighLights
चरकाता रोड स्पा सेंटर पर युवाओं ने किया हंगामा
अनैतिक गतिविधियों के आरोप लगाए गए, पुलिस ने संभाला
पुलिस मामले की जांच कर रही, सीसीटीवी फुटेज खंगाली
जागरण संवाददाता, देहरादून। चरकाता रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में युवाओं ने जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार देर शाम कुछ युवक स्पा सेंटर के बाहर पहुंचे और वहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
युवाओं ने स्पा सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी भी की। हंगामे की सूचना मिलते ही वसंत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया।
पुलिस ने स्पा सेंटर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ की। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और अभी तक किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यदि जांच में स्पा सेंटर में किसी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधि संचालित होने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यदि लगाए गए आरोप निराधार पाए गए तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।