देहरादून: 'मनहूस' कहकर अपमानित करते थे ससुराल वाले, शिक्षिका की मौत पर सचिवालय के निजी सचिव सहित 3 पर केस
देहरादून के हर्रावाला में एक नवविवाहित शिक्षिका की संदिग्ध मौत के मामले में उसके पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थे। ...और पढ़ें

मात्र आठ महीने पहले हुई थी शिक्षिका सृष्टि की शादी।
HighLights
देहरादून में नवविवाहित शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पति, सास, ननद पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया
ससुराल वाले 'मनहूस' कहकर प्रताड़ित करते थे, आरोप
जागरण संवाददाता, देहरादून। हर्रावाला क्षेत्र में ससुराल में 'मनहूस' कहकर अपमानित किए जाने और परिवार में होने वाली हर अनिष्ट घटना व ससुर की बीमारी का जिम्मेदार ठहराए जाने से प्रताड़ित शिक्षिका की बुधवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
मृतका की मां के आरोपों के आधार पर पुलिस ने सचिवालय के निजी सचिव पति सौरभ खत्री, सास और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मात्र आठ महीने पहले ब्याही गई नवविवाहिता समय-समय पर अपने मायके वालों को इस उत्पीड़न की जानकारी देती थी।
वारदात के बाद पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव अस्पताल ले जाया गया था। फिलहाल, 26 जुलाई को ससुर की मृत्यु के चलते क्रिया-कर्म में बैठे आरोपित पति से पुलिस अनुष्ठान पूरा होने के बाद पूछताछ करेगी। मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर दी कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी (खत्री) की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी।
सृष्टि टिहरी गढ़वाल के विकासखंड कीर्तिनगर स्थित राजकीय इंटर कालेज रिगोली (मल्ली) में अध्यापिका थीं।
सीमा कंडारी ने बताया कि विवाह के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
उसे मनहूस कहकर अपमानित किया जाता और परिवार में हुई अनिष्ट घटनाओं, ससुर की बीमारी और मृत्यु के लिए भी जिम्मेदार ठहराया जा रहा था। सृष्टि समय-समय पर उत्पीड़न की जानकारी देती थी।
स्वजन का आरोप है कि 29 जुलाई को सृष्टि की हत्या कर दी गई, जिसमें उसके पति, सास, ननद एवं अन्य स्वजन की भूमिका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डोईवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपित सौरभ पिता की मृत्यु के बाद क्रिया में बैठा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष विवेचना पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। मामला नवविवाहिता से जुड़ा है ऐसे में विवेचना सीओ वंदना वर्मा को सौंपी गई है।
खबरें और भी
पुलिस को नहीं दी घटना की सूचना
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई सुबह आरोपित सृष्टि को जोगीवाला स्थित निजी अस्पताल लेकर गए थे, जहां उसकी मृत्यु हो गई। आरोपितों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी।
अस्पताल से जोगीवाला पुलिस चौकी को डेथ मेमो भेजा गया। मामला हर्रावाला क्षेत्र का था, ऐसे में जोगीवाला पुलिस ने हर्रावाला पुलिस चौकी को सूचना दी। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
यह भी पढ़ें- लोहरदगा में स्टेशनरी दुकानदार की गोली मारकर हत्या, लोगों ने पावरगंज चौक पर लगाया जाम
यह भी पढ़ें- PU प्रोफेसर BB Goyal को नहीं मिली जमानत, पत्नी की हत्या केस में काट रहा सजा; बोला-गुझे गलत फंसाया गया