Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बवाल, महिला गार्ड के सिर पर बोतल से हमला; दूसरी के पेट में मारी लात

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 01:52 PM (IST)

    देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तीमारदारों और महिला सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर मारपीट हुई। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. दून मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में तीमारदारों-गार्डों में मारपीट

    2. एक महिला गार्ड के सिर पर बोतल से हमला

    3. दूसरी महिला सुरक्षाकर्मी को पेट में लात मारी गई

    जागरण संवाददाता, देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार सुबह तीमारदारों और महिला सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई।

    आरोप है कि एक 16 वर्षीय युवती को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। मेडिसिन विभाग में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे गायनी विभाग भेजा, जहां आवश्यक जांच के लिए रक्त का नमूना लिया गया। इसी दौरान तीमारदारों ने आरोप लगाया कि जरूरत से अधिक रक्त निकाल लिया गया और वे नर्सिंग स्टाफ से बहस करने लगे।

    कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई

    ड्यूटी पर तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें नियमों का हवाला देते हुए रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि तीमारदार जबरन अंदर घुसने लगे। इस दौरान कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई। एक महिला सुरक्षाकर्मी के सिर पर बोतल से हमला किया गया, जबकि दूसरी के पेट में लात मारी गई।

    शोर सुनकर पहुंचे अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। सूचना पर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को धारा चौकी ले गई। घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में बनी पुलिस चौकी पर अधिकांश समय पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है।

    चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएस बिष्ट ने कहा कि अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर है और अस्पताल परिसर में पुलिस की अनुपस्थिति का मुद्दा भी उठाया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही एसएसपी से मुलाकात करेंगे।

    यह भी पढ़ें- दून मेडिकल कॉलेज मेस फीस फर्जीवाड़ा: तीन कर्मचारियों पर गिरी गाज, निदेशालय ने की कार्रवाई

    यह भी पढ़ें- कुप्रबंधन का 'अड्डा' बना दून मेडिकल कॉलेज, छात्रों को मिल रहा कीड़े वाला खाना

    खबरें और भी