भ्रष्टाचार के खिलाफ सीएम धामी का एक्शन, नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड धंसने पर तीन इंजीनियर सस्पेंड
नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के मामले में देहरादून के तीन अभियंताओं को निलंबित किया गया है। जांच में पुल के ड ...और पढ़ें

नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड धंसने पर बड़ी कार्रवाई।
HighLights
नंदा की चौकी पुल एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने का मामला।
तीन इंजीनियर निलंबित, तकनीकी खामियां पाई गईं जांच में।
डिजाइन कंसल्टेंट पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी पर नव निर्मित पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के मामले में तकनीकी खामियां पाए जाने पर प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, देहरादून के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सहायक अभियंता अमित त्यागी व कनिष्ठ अभियंता नवीन गैरोला को निलंबित कर दिया गया है।
साथ ही शासन ने संबंधित डिजाइन कंसल्टेंट-प्रूफ चेकिंग कंसल्टेंट के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभागीय जांच में यह पाया गया कि पुल के डिजाइन और नदी के प्रवाह के अनुसार एप्रोच रोड का डिजाइन तैयार नहीं किया गया, इससे नदी के घुमावदार प्रवाह और तेज धार के चलते पुल से एप्रोच रोड मिलने के स्थान पर मलबा जमा होने लगा। इससे जमीन कट गई और दबाव के चलते एप्रोच रोड धंस गई।
जांच रिपोर्ट के अनुसार निलंबित अभियंताओं ने अपनी जिम्मेदारी का ठीक से पालन नहीं किया। शासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए निलंबित कर दिया। सचिव, लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने प्रमुख अभियंता को पत्र भेजकर संबंधित डिजाइन कंसल्टेंट और प्रूफ चेकिंग कंसल्टेंट के विरुद्ध भी तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुधारात्मक उपायों को कार्ययोजना में शामिल कर तत्काल अमल में लाया जाए। शासन ने स्पष्ट किया कि विस्तृत जांच जारी है और अन्य जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।