उत्तराखंड परिवहन निगम का बड़ा फैसला: अब बस चलाते समय इस्तेमाल किया मोबाइल तो चालक पर लगेगा भारी भरकम जुर्माना
उत्तराखंड परिवहन निगम ने बस चालकों द्वारा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। उल्लंघन करने पर ₹5000 का जुर्माना और अनुशासनात्म ...और पढ़ें
-1772828402934_m.webp)
एआई जेनेरेटेड तस्वीर
जागरण संवाददाता, देहरादून। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने बस चलाते समय चालकों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। निगम मुख्यालय की ओर से सभी डिपो और संचालन इकाइयों को निर्देश जारी किए गए हैं कि बस संचालन के दौरान चालक किसी भी स्थिति में मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
यदि कोई चालक नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ ही 5000 रुपये जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार कई बार यह शिकायतें सामने आती रही हैं कि कुछ चालक बस चलाते समय मोबाइल पर बात करते या उसे इस्तेमाल करते देखे गए हैं। इससे न केवल चालक का ध्यान भटकता है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।
सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों को देखते हुए निगम ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया है। नए निर्देशों के अनुसार बस चलाते समय चालक का पूरा ध्यान केवल वाहन संचालन पर होना चाहिए। ड्यूटी के दौरान मोबाइल का उपयोग केवल अत्यावश्यक स्थिति में और बस को सुरक्षित स्थान पर रोकने के बाद ही किया जा सकेगा।
परिवहन निगम के ग्रामीण डिपो के सहायक प्रबंधक प्रतीक जैन की ओर से प्रवर्तन टीमों को निर्देश दिए हैं कि वे समय-समय पर बसों का निरीक्षण करें और यदि कोई चालक मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
यात्री भी भेज सकते हैं फोटो-वीडियो
खबरें और भी
निगम के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि यदि वे किसी चालक को बस चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए देखें तो इसकी फोटो या वीडियो संबंधित डिपो या निगम के अधिकारियों को दें।
बसों में अधिकारियों के मोबाइल नंबर अंकित रहते हैं। परिवहन निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से बस संचालन अधिक सुरक्षित होगा और यात्रियों को भी सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा।
यह भी पढ़ें- देहरादून में रैपिडो पर शिकंजा, निजी दोपहिया से सवारी ढोने पर सख्ती