Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, मिले पांच नए मंत्री; राज्यपाल ने दिलाई शपथ

    Updated: Fri, 20 Mar 2026 03:05 PM (IST)

    आज उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया, जिसमें पांच नए मंत्रियों ने शपथ ली। राजभवन में होने वाले इस समारोह में मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. राजभवन में पांच नए मंत्रियों ने ली शपथ

    2. लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं चल रही थीं

    3. कैबिनेट में कुल पांच पद खाली थे

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार धामी मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। पुष्कर सिंह धामी सरकार ने पांच नये मंत्रियो को शामिल कर पहली बार पूर्ण मंत्रिमंडल का स्वरूप हासिल कर लिया है।

    आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हुए मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय, सामाजिक व जातिगत समीकरणों को साधा गया है। लोक भवन में शुक्रवार को आयोजित समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राजपुर रोड विधायक खजान दास, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई। यह पहली बार है, जब किसी सरकार में सभी कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं।

    राजनीतिक हलकों में तेज थीं चर्चाएं

    प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज थीं और संगठन व सरकार के बीच संतुलन बनाने की चुनौती भी सामने थी। इन सबके बीच सरकार ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल को विस्तार दे दिया है।

    यद्यपि, सुबह तक मंत्री बनने वाले विधायकों को लेकर असमंजस भी था कि मंत्री पद किसे मिलेगा। राजभवन में वर्षा की फुहार के बीच आयोजित कार्यक्रम में विधायकों के आने के साथ ही संभावित नए मंत्रियों की तस्वीर भी साफ होने लगी। नए मंत्रिमंडल में सरकार ने हरिद्वार जिले से दो, देहरादून से एक, नैनीताल व रुद्रप्रयाग से एक-एक विधायक को मंत्रिमंडल में जगह दी। अब मंत्रिमंडल में गढ़वाल मंडल से आठ व कुमाऊ मंडल से मुख्यमंत्री समेत चार मंत्री हो गए हैं।

    इस विस्तार के जरिए सरकार ने क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, जातीय संतुलन और संगठन में सक्रिय नेताओं को साधने का प्रयास किया है बल्कि गढ़वाल-कुमाऊं संतुलन और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी को ध्यान में रखा गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या व सौरभ बहुगुणा के अलावा मुख्य सचिव आनंद बद्र्धन समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

    खबरें और भी

    अब यह है मंत्रीमंडल की तस्वीर

    • मुख्यमंत्री- पुष्कर सिंह धामी
    • कैबिनेट मंत्री- सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा।

    तीन विधायक पहली बार बने मंत्री

    मंत्रिमंडल में तीन विधायकों को पहली बार जगह मिली है। इनमें विधायक भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा व खजान दास शामिल हैं। वहीं, मदन कौशिक पहले संसदीय कार्य व वित्त मंत्री व खजान दास पहले समाज कल्याण राज्यमंत्री के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल हो चुके हैं।

    मंत्री भरत चौधरी ने संस्कृत में ली शपथ

    शपथ ग्रहण समारोह में पांच में से चार मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली। वहीं, रुद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। विशेष यह कि राज्यपाल ने भी उन्हें संस्कृत में ही शपथ दिलाई 

    यह भी पढ़ें- धामी मंत्रिमंडल विस्तार: नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव जीत चौंकाने वाले प्रदीप बत्रा बने मंत्री, राजनीतिक सफर

    यह भी पढ़ें- धामी मंत्रिमंडल: बरसी बाबा केदार की कृपा, रुद्रप्रयाग के साधारण परिवार का बेटा बना मंत्री

    यह भी पढ़ें- धामी मंत्रिमंडल में राम सिंह कैड़ा की एंट्री, छात्र राजनीति से सत्ता तक संघर्षपूर्ण रहा सफर