Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में महिला कांग्रेस का महंगाई पर हल्ला बोल, सिर पर सिलेंडर उठाकर किया प्रदर्शन

    Updated: Tue, 10 Mar 2026 08:26 AM (IST)

    उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने देहरादून में रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता ...और पढ़ें

    महंगाई के विरोध में कनक चौक पर विरोध प्रदर्शन करती उत्तराखंड महिला कांग्रेस कार्यकर्ता। जागरण

    महंगाई के विरोध में कनक चौक पर विरोध प्रदर्शन करती उत्तराखंड महिला कांग्रेस कार्यकर्ता। जागरण

    HighLights

    1. महिला कांग्रेस ने देहरादून में गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि का विरोध किया।

    2. कार्यकर्ताओं ने सिर पर सिलेंडर रखकर पदयात्रा निकाली, पुलिस से नोकझोंक।

    3. चूल्हे पर खाना बनाया, सिलेंडर की अंत्येष्टि कर महंगाई का विरोध।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिर पर गैस सिलेंडर उठाकर कांग्रेस मुख्यालय से पदयात्रा निकाली और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की।

    पुलिस के रोकने पर प्रदर्शनकारी भड़क उठे और खूब हंगामा किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। कांग्रेसियों ने सड़क पर बैठकर खाना बनाया और विरोध जताया।

    अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के आह्वान पर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के तहत देहरादून में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से भाजपा जिला मुख्यालय की ओर पदयात्रा निकाली।

    कार्यकर्ताओं ने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर रैली निकाली और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। पदयात्रा कनक चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

    mahangai

    महंगाई के विरोध में कनक चौक पर विरोध प्रदर्शन कर चूल्हे पर खाना तैयार करती उत्तराखंड महिला कांग्रेस कार्यकर्ता। जागरण


     

    इसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर उसकी अंत्येष्टि की और धूपबत्ती जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी और सब्जी भी बनाई।

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: आयुष्मान योजना का बजट बढ़ा, नए अस्पताल बनेंगे

    उनका कहना था कि महंगाई के कारण गरीब परिवारों को एक बार फिर पुराने दौर की तरह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बाद में महिलाओं ने वहीं, तैयार भोजन लोगों को खिलाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने विरोध कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

    महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि रसोई गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, जया कर्नाटक, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा, जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी, मंजू मिश्रा, महासचिव अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित आदि उपस्थित रहे।

    खबरें और भी