उत्तराखंड सरकार ने की तीलू रौतेली पुरस्कार की घोषणा, आठ अगस्त को 13 वीरांगनाओं का होगा सम्मान
उत्तराखंड सरकार ने तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार और राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए चयनित महिलाओं की घोषणा की है। ...और पढ़ें

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून । उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार और राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए चयनित महिलाओं की घोषणा कर दी है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार के लिए प्रदेश के सभी 13 जनपदों से एक-एक महिला का चयन किया गया है। वहीं, राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए विभिन्न जिलों की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
सीएम धामी करेंगे सम्मान
दोनों पुरस्कार आठ अगस्त को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से सराहा जाएगा।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार उन महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने संघर्ष, साहस और समर्पण के बल पर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष चयनित महिलाओं ने संस्कृति, खेल, वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार, समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण और दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रेरणादायी महिलाओं की उपलब्धियों को समाज के सामने लाना है, ताकि उनकी सफलता अन्य महिलाओं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन सके।
रेखा आर्या ने कहा कि इसी अवसर पर राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा और महिला जागरूकता कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने ले लिए दिया जाएगा हैं। उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।