Uttarakhand Weather Today: पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है, जहां देहरादून समेत कई इलाकों में धूप-बादल छाए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और 3300 मीटर से ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौनी जारी है, जबकि पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं घने बादल छाए हुए हैं और वर्षा की संभावना बनी हुई है।
तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन आगामी दिन में मौसम में बदलाव के संकेत हैं।
शनिवार को देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से धूप खिली रही। हालांकि, दोपहर बाद आंशिक बादल मंडराने लगे। ज्यादातर क्षेत्रों में धूप और बादलों की आंख मिचौनी चलती रही।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गर्जन की संभावना है। इन जिलों में 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा के आसार जताए गए हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गर्जन वाले बादल विकसित हो सकते हैं और बहुत हल्की बारिश भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा और हिमपात के हैं आसार
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में बदलेगा मौसम: अगले 48 घंटे आंशिक बादल और हल्की बारिश का है अनुमान