Uttarakhand Weather Today: आज भी वर्षा-बर्फबारी के आसार, चल सकती हैं 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं
Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे ठंड बढ़ गई है। ऊंची चोटियों पर भारी हिमपात हुआ, जबकि निचले इलाकों म ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ा।
चमोली जिले में बर्फीले तूफान से घरों की छतें उड़ीं।
आज भी वर्षा-बर्फबारी का येलो अलर्ट, तेज हवाएं चलेंगी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में वर्षा और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जिससे पहाड़ से मैदान तक ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ, जबकि निचले इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। तापमान में गिरावट के साथ तेज हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है।
चारधाम समेत प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बंद हो गई हैं और स्थानीय प्रशासन बर्फ के कारण अवरुद्ध मार्गों को खोलने में जुटा हुआ है। चमोली जिले से बर्फीले तूफान के कारण नुकसान की सूचनाएं भी सामने आई हैं।
केदारनाथ धाम समेत अन्य चोटियों में दूसरे दिन भी लगातार बर्फबारी जारी रही, जिससे करीब दो फीट तक बर्फ जम गई है। तुंगनाथ, मध्यमहेश्वर, त्रियुगीनारायण सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी लगातार बर्फबारी हो रही है।
चोपता-मंडल मोटर मार्ग पर बर्फ जमने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आई हैं।
ऊपरी इलाकों में तापमान माइनस तीन से चार डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है, जबकि केदारनाथ धाम में तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
निचले इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद घने बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद ठंड में और इजाफा हो गया, जिससे खासकर ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में लोग घरों में दुबकने को मजबूर नजर आए। लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते बाजारों में चहल-पहल कम रही और आम जनजीवन प्रभावित रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी बुधवार को भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं वर्षा और बर्फबारी हो सकती है।
नैनीताल, चंपावत व ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
कुमाऊं मंडल के शेष जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने चकम सकती है। हालांकि गुरुवार से मौसम के शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है, लेकिन ठंड अभी और बढ़ सकती है।
चमोली में बर्फीले तूफान से नुकसान
चमोली जिले की नीती घाटी के गमशाली और कोषा गांव में मंगलवार दोपहर बर्फीला तूफान चलने से कई घरों की छतें उड़ गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उप जिलाधिकारी ज्योतिर्मठ को नुकसान का आकलन करने के लिए निरीक्षण टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख शहरों के तापमान
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 22.6, 10.5
- ऊधमसिंह नगर, 21.2, 4.8
- मुक्तेश्वर, 14.1, 5.8
- नई टिहरी, 13.9, 6.0
यह भी पढ़ें- School Closed: स्कूलों में रहेगा अवकाश, वर्षा व बर्फबारी को देखते हुए सात जिलों के डीएम ने की छुट्टी