Uttarakhand Weather Today: आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, तीन दिन पहाड़ों पर वर्षा और आंधी का अलर्ट
उत्तराखंड में शुष्क मौसम और बढ़ती गर्मी के बाद अब बदलाव की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आज से तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा की चेतावनी दी है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और पारे में उछाल से लगातार गर्मी बढ़ रही है। ज्यादातर क्षेत्रों में तेज धूप पसीने छुड़ा रही है।
हालांकि, आज से मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आज पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की है।
इस दौरान कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं, रविवार को प्रदेशभर में ही हल्की से मध्यम वर्षा संभव है।
शुक्रवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। दिनभर तेज धूप के बीच गर्मी और तपिश बनी रही।
दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
मार्च के पहले पखवाड़े में पारा रिकार्ड स्तर की ओर से जा रहा है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा रहे हैं।
इसके बावजूद पहाड़ों में भी पारा सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली एवं पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं।
देहरादून, टिहरी व अल्मोड़ा में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। जबकि, राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 32.0, 16.7
- ऊधमसिंह नगर, 32.4, 13.0
- मुक्तेश्वर, 23.1, 9.3
- नई टिहरी, 21.6, 9.8
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: पहाड़ों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में बादलों की आंख-मिचौली, बारिश का इंतजार