Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Weather: 24 घंटे की बौछार ने मचाया कहर, आज देहरादून समेत पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 10:16 AM (IST)

    देहरादून में 24 घंटे से जारी भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, देहरादून। जनपद में 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी देहरादून समेत आसपास रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी है।

    लगातार वर्षा से शहरों में जलभराव, ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बाधित होने व भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

    देहरादून व आसपास क्षेत्रों में बुधवार रात से तेज बारिश शुरू हो गई, जोकि सारी रात चली। गुरुवार को भी बारिश लगातार बदस्तूर जारी रही। भारी बारिश के चलते जिलाधिकारी ने स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी।

    बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन कई क्षेत्रों में जलभराव व सड़क बहने के मामले सामने आए हैं।

    वसंत विहार जलभराव से बढ़ी परेशानी

    शहर के सबसे पाश एरिया में बारिश के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ड्रेनेज सिस्टम सही नहीं होने के चलते कई जगह कालोनियों में जलभराव हो गया। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि क्षेत्र में प्रापर ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाना चाहिए ताकि कहीं नुकसान न पहुंचे। बताया कि हर वर्ष मानसून में यहां पर लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता है।

    दूधली मार्ग पर सड़क धंसने से यातायात प्रभावित

    भारी बारिश के कारण दूधली मार्ग पर नाले में पानी के तेज बहाव के कारण सड़क ही धंस गई। यहां दूधा देवी मंदिर के निकट तेज बारिश होने के कारण पानी का तेज बहाव आ जाता है। बुधवार से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क का आधा हिस्सा धंस गया। ऐसे में यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर सड़क खोलने के प्रयास किए जा रहे है।

    खबरें और भी

    बारिश के कारण सड़कें हुई जाम

    लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की सड़कें भी लबालब पानी से भर गई। प्रिंस चौक, दून अस्पताल अस्पताल के बाहर व आइएसबीटी में बारिश का पानी जमा होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि कुछ समय बाद यातायात सुचारू हो गया।

    पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

    मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी देहरादून सहित पांच जिलों में भारी बारिश की आशंका जारी है। देहरादून सहित उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

    मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम से लेकर सामान्य तक रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अत्यंत कम से लेकर सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया।

    यह भी पढ़ें- पहाड़ों पर भारी बारिश से हरिद्वार में गंगा चेतावनी स्तर से ऊपर, लक्सर-खानपुर में बाढ़ का खतरा

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में झमाझम बारिश, हरिद्वार में सबसे अधिक 65.8 मिमी वर्षा