हरिद्वार में ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश, प्रेमी निकला प्रेमिका का कातिल
गुमशुदा युवती शहनुमा की तलाश एक सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गई, जिसमें उसके प्रेमी नावेद ने विवाद के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी और शव गंगनहर में फेंक द ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
गुमशुदा युवती की हत्या का मामला सामने आया
प्रेमी ने विवाद के बाद गला घोंटकर की हत्या
शव को पहचान मिटाने के लिए गंगनहर में फेंका
संवाद सूत्र, बहादराबाद (हरिद्वार)। घर से लापता युवती की गुमशुदगी आखिरकार एक सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गई।
प्रेम प्रसंग में उपजे विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और पहचान मिटाने की नीयत से शव गंगनहर में फेंक दिया।
वाट्सएप काल पर स्वजन को हत्या की धमकी देने वाले आरोपित को बहादराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना बहादराबाद क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी मोमिन ने आठ जुलाई को अपनी बेटी शहनुमा के घर से बिना बताए चले जाने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
आरोप है कि 22 जुलाई की रात गांव निवासी नावेद ने वाट्सएप काल कर स्वजन को धमकी देते हुए कहा कि उसने युवती की हत्या कर उसका शव गंगनहर में फेंक दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपित फरार था। युवती का शव भी बरामद नहीं हुआ था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित भगवानपुर, चंदनपुर और मंगलौर क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा है।
सूचना पर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर तालाब के पास खड़े एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अलीपुर निवासी नावेद के रूप में बताई।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर बताया कि उसका युवती से प्रेम संबंध था। कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
आरोपित के अनुसार, एक पारिवारिक समारोह में युवती के अन्य युवकों के साथ डीजे पर नृत्य करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।
उसने आरोप लगाया कि युवती ने उसकी मां और बहन के बारे में अपशब्द कहे। साथ ही, अदालत में बयान देने और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें ससुराल पक्ष को दिखाकर रिश्ता तुड़वाने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित युवक युवती को अपने साथ कलियर के एक होटल में ले गया। अगले दिन सुबह वह उसे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद पहचान और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले में अन्य साक्ष्य जुटाने और शव की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है। पुलिस टीम में एसएसआइ मनोज गरोला, उपनिरीक्षक विकास रावत, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल बलवंत सिंह, अरुण चमोली, विकास रावत, सतेंद्र चौधरी और वसीम शामिल रहे।
एक शव के दो दावेदार
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गंगनहर के आसफनगर झाल से बरामद युवती के शव को लेकर अब नई जानकारी सामने आ रही है। बहादराबाद और मुरादाबाद पुलिस ने जांच के बाद शव की अलग-अलग रूप में पहचान की है। बहादराबाद पुलिस ने मामले का पटाक्षेप करने का दावा किया है।
खबरें और भी
दरअसल, मंगलौर में चार जुलाई को एक युवती का शव मिला था। शव की शिनाख्त करने की कोशिश की गई थी, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस ने कपड़ों को सील कर सुरक्षित रखते हुए लावारिस में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस ने विभिन्न जिलों को शव और कपड़ों के फोटो भेजे थे। इस पर उप्र के मुरादाबाद जिले की कटघर थाना पुलिस ने शिनाख्त करते हुए बताया कि मृतका उनके थाना क्षेत्र के पीतल बस्ती निवासी अदिला है, जिसकी शादी दो माह पूर्व हुई थी।
इस मामले में एक आरोपित ने किसी अन्य मामले में कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जिसको रिमांड पर लेकर मुरादाबाद पुलिस मंगलौर पहुंची।
इधर, बहादराबाद पुलिस ने मृतका के कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त शहनुमा निवासी ग्राम अलीपुर, थाना बहादराबाद के रूप में की। बहादराबाद पुलिस ने बताया कि आरोपित ने 29 जून को उसकी हत्या कर शव को गंगनहर में फेंक दिया था।
इस संबंध में एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि पानी में जब कोई शव पड़ा रहता है तो वह खराब होने लगता है। ऐसे में उसकी शिनाख्त होना बड़ा मुश्किल हो जाता है। ऐसे में पहनावा व कपड़े ही शिनाख्त के लिए मजबूत आधार बनते हैं।