कांवड़ मेले के लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पहली बार 150 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात, बनाए गए दो स्पेशल हेल्प डेस्क
कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पहली बार 150 अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है। ...और पढ़ें

हरिद्वार रेलवे स्टेशन
HighLights
कांवड़ मेले के लिए हरिद्वार रेलवे पर 150 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात।
कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रण और यात्री सहायता का प्रशिक्षण दिया गया।
यात्रियों की सुविधा के लिए दो विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते रेलवे प्रशासन ने पहली बार विशेष व्यवस्था करते हुए डिवीजन के विभिन्न स्टेशनों से 150 अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर की है।
इन कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रण, यात्री सहायता और आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया है। जिससे स्टेशन पर व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।
कांवड़ मेले में इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने का अनुमान है। अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती से प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रवेश और निकास द्वारों पर भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। कर्मचारियों को विभिन्न शिफ्टों में तैनात किया गया है ताकि चौबीसों घंटे यात्रियों को आवश्यक सहायता मिल सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में दो विशेष हेल्प डेस्क भी स्थापित किए हैं। इनमें एक हेल्प डेस्क बुकिंग काउंटर के पास तथा दूसरा पूछताछ केंद्र के बाहर संचालित किया जा रहा है। इन हेल्प डेस्क पर यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी, प्लेटफार्म संबंधी सूचना, आरक्षण, मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन केंद्रों का लाभ उठा रहे हैं। सीएमआई अजय तोमर का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और अन्य व्यवस्थाएं भी बढ़ाई जाएंगी।