कलियर दरगाह परिसर में भरा पानी: पहली बारिश में नगर पंचायत के दावों की खुली पोल, जायरीनों का प्रदर्शन
पहली बारिश में कलियर दरगाह परिसर में जलभराव हो गया, जिससे जायरीनों को भारी परेशानी हुई और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

कलियर दरगाह में प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते लोग। साभार सभासद प्रतिनिधि
HighLights
पहली बारिश में कलियर दरगाह परिसर में जलभराव
नगर पंचायत के नालों की सफाई के दावे झूठे
जायरीनों ने जलभराव को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन
संवाद सूत्र, कलियर (रुड़की)। झमाझम हुई वर्षा ने दरगाह प्रशासन व नगर पंचायत के दावों की पोल खोल दी। दरगाह परिसर में जलभराव होने की वजह से जायरीनों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। इससे गुस्साए लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की।
पिछले माह नगर पंचायत ने नालों की सफाई का अभियान चलाने का दावा किया था। हालांकि, वर्षा के साथ ही यह दावे धुल गए। कई स्थानों पर नाले चोक होने से गंदा पानी सड़कों व दरगाह परिसर में जमा हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई कार्य केवल खानापूर्ति तक सीमित रहा, इसका खामियाजा अब आम जनता व जायरीनों को भुगतना पड़ा। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल होने के बावजूद जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इधर, जलभराव से नाराज लोगों ने दरगाह प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
वार्ड छह के सभासद प्रतिनिधि गुलफाम साबरी, रहीश अहमद, इस्तेखार अली, शिबलु व रईस अल्वी ने कहा कि हर वर्ष मानसून के दौरान दरगाह परिसर व आसपास के बाजारों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते।
खबरें और भी
आरोप है कि क्षेत्र के अधिकांश नाले चोक पड़े हैं और वर्षा से पहले उनकी सफाई नहीं कराई गई। इसका परिणाम यह हुआ कि गंदा पानी दरगाह परिसर तक पहुंच गया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही जल निकासी पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उधर, इस संबंध में रुड़की तहसीलदार/दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने बताया कि सफाई सुपरवाइजर को सभी नाले-नालियों को साफ करने के निर्देश दिए गए थे। यदि इस कार्य में लापरवाही की बात सामने आती है, तो कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- रुड़की मंडी में डूबे आढ़त और गोदाम: 4 फीट तक भरा पानी, आलू-प्याज खराब
यह भी पढ़ें- रुड़की के झबरेड़ा में भारी वर्षा से जलभराव की आफत, घरों में घुसा पानी