रुड़की के झबरेड़ा में भारी वर्षा से जलभराव की आफत, घरों में घुसा पानी
झबरेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में दो दिन की भारी वर्षा से गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई घरों और सड़कों पर जलभराव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ...और पढ़ें

बेहडेकी सैदाबाद गांव में सड़क पर बहता वर्षा का पानी। वहीं, एक घर में भरा वर्षा का पानी। जागरण
HighLights
झबरेड़ा में दो दिन की वर्षा से भीषण जलभराव
बेहड़ेकी सैदाबाद में घरों में तीन फीट तक पानी
प्रशासनिक लापरवाही से ग्रामीण परेशान, मदद का इंतजार
संवाद सूत्र, झबरेड़ा। झबरेड़ा व आसपास के क्षेत्रों में दो दिन से जारी रिमझिम वर्षा ने एक तरफ जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी तरफ यह कई परिवारों के लिए बड़ी आफत बनकर बरसी है।
क्षेत्र के कई घरों समेत जगह-जगह सड़कों पर हुए जलभराव ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

झबरेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बेहड़ेकी सैदाबाद में तो स्थिति बेहद खराब हो गई है। दर्जनों घरों में पानी घुसने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
गांव में हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों के घरों के भीतर तीन-तीन फीट तक पानी भरा हुआ है। घर में रखा कीमती सामान, बिस्तर व खाने-पीने का राशन पानी में डूबकर खराब हो चुका है।
स्थिति यह है कि कई घरों में तो भोजन तक नहीं बन पाया है और लोग भूखे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में एक बड़ा तालाब है, जिसमें पूरे गांव की जल निकासी व वर्षा का पानी जाता है।

ग्रामीणों ने मानसून शुरू होने से पहले ही कई बार ग्राम प्रधान, ग्राम सेक्रेटरी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से तालाब की सफाई कराने की गुहार लगाई थी, ताकि मानसून में जलभराव की नौबत न आए। लेकिन, जिम्मेदारों ने उनकी एक न सुनी। उनकी इसी लापरवाही का खामियाजा आज ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में उत्पन्न हुए इस संकट व जलभराव की विस्तृत जानकारी संबंधित ज्वाइंट मजिस्ट्रेट भगवानपुर को भी दे दी गई है।

लेकिन बेहद प्रशासनिक संवेदनहीनता का विषय है कि सूचना दिए जाने के घंटों बाद भी पानी निकासी के लिए प्रशासन की कोई भी टीम या पुख्ता इंतजाम मौके पर नहीं पहुंचे हैं। ग्रामीण अब भी जलभराव के बीच प्रशासनिक मदद का इंतजार कर रहे हैं।
इधर, झबरेड़ा के मेन बाजार में कई दुकानों में पानी भर गया है, जिससे व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ है।
वहीं, झबरेड़ा गुरुकुल मार्ग पर बने रेलवे अंडरपास में भी चार-चार फीट पानी भरा हुआ है, जिससे आने-जाने वाले वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के टिहरी में मूसलधार बारिश का कहर, जनजीवन प्रभावित और प्रमुख मार्ग बंद
यह भी पढ़ें- देहरादून में भारी बारिश का कहर, एसएसपी ने पुलिस को किया हाई अलर्ट पर