हरिद्वार के भगवानपुर में मेन बाजार से जाने की जिद पर अड़े कांवड़िये, पुलिस से घंटों नोकझोंक
भगवानपुर के कलीराम गेट पर कांवड़ियों और पुलिस के बीच मुख्य बाजार से गुजरने को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाने के बाद कां ...और पढ़ें
HighLights
भगवानपुर में कांवड़ियों और पुलिस के बीच हुई तीखी नोकझोंक
कांवड़िये मुख्य बाजार से जाने की जिद पर अड़े थे
पुलिस के समझाने पर कांवड़िये निर्धारित मार्ग से आगे बढ़े
संवाद सूत्र, भगवानपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर धर्मनगरी से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों और स्थानीय पुलिस प्रशासन के बीच शुक्रवार को भगवानपुर कस्बे के कलीराम गेट पर तीखी नोकझोंक हो गई।
विवाद का मुख्य कारण कांवड़ियों द्वारा तय रूट को छोड़कर कस्बे के मुख्य बाजार से गुजरने की जिद था। सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में घंटों विवाद चलता रहा।
निर्धारित और सुरक्षित रूट से जाने का आग्रह
कांवड़ियों का एक बड़ा जत्था जैसे ही कलीराम गेट के पास पहुंचा, उन्होंने मुख्य बाजार की ओर रुख करना चाहा। मौके पर तैनात पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कांवड़ियों को रोक दिया। पुलिस ने उन्हें प्रशासन द्वारा पहले से निर्धारित और सुरक्षित रूट से जाने का आग्रह किया।
पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांवड़िये आक्रोशित हो गए। वे वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। कांवड़ियों का तर्क था कि वे हर साल इसी मार्ग से जाते हैं, इसलिए उन्हें रोका न जाए। हंगामे के कारण कलीराम गेट और आसपास के मार्ग पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च पुलिस अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बेहद संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए कांवड़ियों को शांत कराया। पुलिस ने उन्हें समझाया कि मुख्य बाजार में अत्यधिक भीड़ और संकरे रास्ते के कारण सुरक्षा संबंधी खतरा हो सकता है।
खबरें और भी
काफी देर की समझाने और सुरक्षा का भरोसा मिलने के बाद आखिरकार कांवड़िये शांत हुए और प्रशासन द्वारा तय किए गए रूट से आगे बढ़ने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद ही पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली और क्षेत्र में यातायात सुचारू हो सका।
डाक कावड़ यात्रा के वाहन हरिद्वार पहुंच रहे हैं। जिससे हाईवे पर काफी दबाव है, जिसे देखते हुए नारसन बार्डर पर गलत दिशा में आ रहे कावंड़ यात्रियों के वाहनों को लगातार पुलिस टीम सही लेन मे भेजा ज रही है। जिससे कि हादसा न हो।