Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरिद्वार में सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से कार सवार 2 सगे भाइयों की मौत

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 08:20 PM (IST)

    हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर एक तेज रफ्तार डंपर ने वैगनआर कार को टक्कर मार दी, जिससे कार सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

    हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर गुरुवार देर रात हुए हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई।

    हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर गुरुवार देर रात हुए हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई।

    HighLights

    1. हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर डंपर ने वैगनआर को टक्कर मारी

    2. हादसे में फेरूपुर रामखेड़ा के दो सगे भाइयों की मौत

    3. डंपर चालक फरार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

    संवाद सूत्र, पथरी (हरिद्वार)। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर रानीमाजरा व पदार्था गांव के बीच निर्माणाधीन वाटर पार्क के निकट गुरुवार देर रात तेज रफ्तार डंपर ने वैगनआर कार में जोरदार टक्कर मार दी।

    हादसे में वैगनआर सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। डंपर छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

    फेरूपुर रामखेड़ा निवासी सगे भाई योगेंद्र सिंह (35) और शरद सिंह (27) गुरुवार को किसी कार्य से वैगनआर कार से सहारनपुर गए थे। रात करीब डेढ़ बजे घर लौट रहे थे।

    हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर रानीमाजरा व पदार्था गांव के बीच कालू प्रधान के निर्माणाधीन वाटर पार्क के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने उनकी वैगनआर कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

    हादसे में दोनों भाई गंभीर घायल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों भाई दम तोड़ चुके थे।

    पुलिस ने डंपर और बुरी तरह क्षतिग्रस्त वैगनआर को रास्ते से हटवाकर कब्जे में ले लिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामले में मृतकों के पिता सुरेश कुमार ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

    पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

    दोनों भाई ही थे परिवार में कमाने वाले

    हादसे में दोनों भाइयों की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला था।

    कई साल पूर्व फेरूपुर रामखेड़ा गांव में आकर बस गया था। योगेंद्र सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।

    उनकी पांच वर्षीय बेटी जन्म से दिव्यांग है। छोटा भाई शरद सिंह कोरियर कंपनी में कार्य करते थे। वह अविवाहित थे।

    दोनों भाई ही परिवार में कमाने वाले थे। उनकी मौत के बाद वृद्ध माता-पिता अब पूरी तरह असहाय हो गए।

    पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम जब दोनों भाइयों के शव जब घर पहुंचे तो स्वजन का रोते हुए बुरा हाल हो गया।

    एक साथ दोनों भाइयों की अर्थी उठी तो ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गई। गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

    यह भी पढ़ें- देवरिया में प्राथमिक विद्यालय में काम करते समय करंट लगने से टायल्स कारीगर की मौत, मशीन चालू करने के दौरान हुआ हादसा

    यह भी पढ़ें- सीरिया में भीषण बस हादसा, दमिश्क हाईवे पर 35 लोगों की मौत