रुड़की में साइबर ठगी: ATM कार्ड रिन्यू करने के नाम पर युवक से 37 हजार की धोखाधड़ी, APK फाइल भेजकर उड़ाए पैसे
साइबर ठग ने रुड़की के एक युवक को बैंक अधिकारी बनकर झांसा दिया और उसके खाते से 37 हजार रुपये उड़ा लिए। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
रुड़की में युवक 37 हजार रुपये की साइबर ठगी का शिकार
ठग ने बैंक अधिकारी बनकर एपीके फाइल लिंक भेजा
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, मोबाइल नंबर ट्रेसिंग जारी
जागरण संवाददाता, रुड़की। साइबर ठग ने युवक को झांसा देकर उसके खाते से 37 हजार की रकम साफ कर दी।
साइबर ठग ने युवक के वाट्सएप पर एपीके फाइल का एक लिंक भेजा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठग का मोबाइल नंबर ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला रोड निवासी राहुल का शहर के एक बैंक में खाता है। पिछले दो दिन से उसका एटीएम कार्ड काम नहीं कर रहा था, जिसके चलते वह परेशान था। उसने गुगल से टोल-फ्री नंबर लेकर फोन किया।
फोन उठाने वाले ने उसे बताया कि वह बैंक का अधिकारी बोल रहा है। उसने राहुल से उसके एटीएम कार्ड की डिटेल पूछी। राहुल ने पासवर्ड के अलावा सभी बातें उसे बता दी।
कुछ देर बाद कथित बैंक अधिकारी (साइबर ठग) का फिर से फोन आया। उसने बताया कि उनका एटीएम कार्ड किसी वजह से ब्लाक हो गया है।
इसके चलते ही एटीएम कार्ड काम नहीं कर रहा है। उसने बताया कि वह अपने एटीएम कार्ड को फिर से शुरू कर सकते हैं।
इसके लिए उन्हें आनलाइन इसका नवीनीकरण कराना होगा, जिस पर राहुल ने एटीएम कार्ड के नवीनीकरण कराने की हामी भर दी।
उसे झांसे में आया देख साइबर ठग ने उसके मोबाइल पर एपीके फाइल का लिंक भेज दिया। उसने इस लिंक को ओपन कर कुछ औपचारिकता पूरी करने के लिए कहा।
उसकी बातों में आकर जैसे ही राहुल ने उस एपीके फाइल को ओपन किया, उसके खाते से 37 हजार की रकम साफ हो गई।
खाते से निकासी का मैसेज आने पर उसे ठगी का पता चला। राहुल ने इस बावत पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- अमरोहा में छुपे बैठे साइबर अपराधी, शनिवार को दो और आरोपी गिरफ्तार