Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रुड़की में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पॉश इलाकों से घरों तक घुसा पानी

    By Rena Edited By: Sunil Negi
    Updated: Thu, 09 Jul 2026 09:34 PM (GMT+05:30)

    रुड़की में लगातार भारी वर्षा से शहर के पॉश इलाकों और मोहल्लों में भीषण जलभराव हो गया, जिससे सड़कें तालाब बन गईं और कई घरों में पानी घुस गया। ...और पढ़ें

    रुड़की में ढंडेरा फाटक के समीप वर्षा के कारण हुए भारी जलभराव के बीच से होकर जाते युवक। जागरण

    रुड़की में ढंडेरा फाटक के समीप वर्षा के कारण हुए भारी जलभराव के बीच से होकर जाते युवक। जागरण 

    HighLights

    1. लगातार वर्षा से रुड़की शहर में भीषण जलभराव

    2. सड़कें तालाब बनीं, कई घरों में घुसा पानी

    3. प्रशासन के जल निकासी दावों की खुली पोल

    जागरण संवाददाता, रुड़की। कई घंटे तक लगातार वर्षा होने के कारण गुरुवार को शहर के पाश एरिया से लेकर गली-मोहल्लों ने तालाब का रूप ले लिया। सड़कों पर कहीं चार फुट तो कहीं पर दो से तीन फुट पानी भर गया।

    रामपुर चुंगी में तीन-चार फुट पानी भरने से यहां पर यातायात कई घंटों तक बाधित रहा। वहीं शहर की विभिन्न कालोनी एवं मोहल्लों में कई लोगों के घरों में पानी घुस गया।

    जिस कारण लोगों को भारी परेशानी हुई। उधर, पानी से लबालब हुए शहर ने प्रशासन के साथ ही नगर निगम के दावों की पोल खोल दी।

    गुरुवार को शहर से लेकर देहात क्षेत्र में भारी वर्षा हुई। बुधवार रात से लेकर गुरुवार दोपहर तक लगातार वर्षा होती रही। इस अवधि के दौरान कभी तेज तो कभी रिमझिम वर्षा हुई।

    लगातार कई घंटों तक वर्षा होने के कारण शहर पानी-पानी हो गया। रामपुर चुंगी, सलेमपुर, रामनगर, रामनगर औद्योगिक क्षेत्र, रामनगर कोर्ट रोड, सुभाष नगर, कृष्णा नगर, पनियाला रोड, शिवपुरम, राजेंद्र नगर, मोहनपुरा उत्तरी एवं मोहनपुरा दक्षिणी, साउथ सिविल लाइन, सिविल लाइन, जादूगर रोड, नीलम टाकिज रोड, चंद्रशेखर चौक, अंबर तालाब, पुरानी तहसील, मकतूलपुरी, गणेशपुर, चौधरी चरण सिंह कालोनी, आकाशदीप कालोनी सहित कई अन्य जगहों पर भारी जलभराव हो गया।

    सड़कों पर कई-कई फीट पानी भरा होने की वजह से लोग घरों में कैद हो गए। वहीं कृष्णा नगर, राजेंद्र नगर, सुभाष नगर, सलेमपुर, मोहनपुरा सहित कई स्थानों पर लोगों के घरों में पानी घुस गया। घरों में गंदा पानी घुसने से कई लोगों का सामान भी खराब हो गया। वहीं घरों से पानी निकालने में लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

    उधर, रामपुर चुंगी में तीन-चार फीट पानी भरा होने से यहां पर सुबह से लेकर दोपहर तक यातायात प्रभावित रहा। भारी जलभराव होने के कारण कई चौपहिया एवं दोपहिया वाहन पानी में बंद पड़ गए। ऐसे में कई दोपहिया वाहन चालक खींचते हुए वाहन को ले जाते हुए दिखाई दिए।

    खबरें और भी

    उधर, नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने रामपुर चुंगी सहित भारी जलभराव वाले क्षेत्रों का ट्रैक्टर पर सवार होकर निरीक्षण किया।

    नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि रामपुर चुंगी, रामनगर, सलेमपुर, कृष्णा नगर, पनियाला रोड, मच्छी मोहल्ला, गणेशपुर, मोहनपुरा आदि जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

    उनके अनुसार शहर के ड्रेनेज सिस्टम की क्षमता से अधिक पानी बरसने की वजह से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई। उनके अनुसार कुछ जगह वर्षा थमने के बाद पानी की निकासी हो गई है।

    लेकिन जिन इलाकों में पानी ठहर गया है या लोगों के घरों से पानी निकालने की व्यवस्था नहीं है वहां पर निगम मोटर पंप के माध्यम से पानी की निकासी करवाएगा।

    अनियंत्रित हुए वाहन, चोटिल हुए लोग

    रामपुर चुंगी, पनियाला रोड, सलेमपुर, अंबर तालाब सहित कुछ अन्य जगहों पर भारी जलभराव होने से सड़क और नाले-नालियां एक समान हो गए। अंबर तालाब में नाले का स्लैब खुला होने की वजह से एक बाइक सवार व्यक्ति उसमें गिर गया।

    गनीमत यह रही कि उस व्यक्ति को ज्यादा चोट नहीं आई। वहीं रामपुर चुंगी, सलेमपुर आदि क्षेत्रों में भी कई लोगों के वाहन अनियंत्रित हो गए। जिस कारण वे गिरकर चोटिल हो गए। उधर, न्यू आदर्श नगर में एक खाली प्लाट की दीवार गिर गई।

    तहसील परिसर पानी से हुआ लबालब

    तहसील परिसर रुड़की में भी गुरुवार को वर्षा से भारी जलभराव हो गया। वहीं तहसील परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम में जलभराव से संबंधित एक ही शिकायत आई।

    कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी ने बताया कि बढ़ेडी राजपुताना बाढ़ चौकी के कर्मचारी ने सूचना दी कि बाढ़ चौकी में पानी भर गया है।

    तहसील परिसर में बने कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 9634442169 है। जिस पर काल करके शिकायत दर्ज करवाकर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

    परिवहन मंत्री के घर के बाहर हुआ जलभराव

    जादूगर रोड शहर के पाश एरिया में से एक है। यहां पर परिवहन मंत्री एवं नगर विधायक प्रदीप बत्रा का आवास है। परिवहन मंत्री के घर के बाहर भी सड़क पर गुरुवार को भारी जलभराव हो गया। जिस कारण इस मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों को खासी परेशानी हुई।

    इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लोगों ने उठाए सवाल

    वर्षा के कारण पूरा शहर पानी-पानी होने पर आमजन ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से खूब सवाल उठाए। लोगों ने वर्षों से शहर में जलभराव की समस्या जस की तस बने रहने के लिए जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार उठाया।

    लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि शहर में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने को लेकर गंभीर नहीं हैं। यही वजह है कि अब तक कोई ठोस कार्ययोजना नहीं बनाई गई है।

    जिस कारण आम जनता को हर साल जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है। वहीं लोगों ने नगर निगम की कार्यशैली पर भी रोष प्रकट किया।

    यह भी पढ़ें- रुड़की में बड़ा हादसा टला: तेज हवा से सालियर बाईपास पर गिरा भारी भरकम साइन बोर्ड, 2 घंटे लगा रहा लंबा जाम

    यह भी पढ़ें- रुड़की मंडी में डूबे आढ़त और गोदाम: 4 फीट तक भरा पानी, आलू-प्याज खराब