रुड़की में बड़ा हादसा टला: तेज हवा से सालियर बाईपास पर गिरा भारी भरकम साइन बोर्ड, 2 घंटे लगा रहा लंबा जाम
रुड़की में सालियर बाईपास पर वर्षा और तेज हवा के कारण एक साइन बोर्ड गिर गया, जिससे यातायात दो घंटे तक ठप रहा। ...और पढ़ें

सालियर बाइपास पर साइन बोर्ड को हटाती क्रेन। जागरण
HighLights
सालियर बाईपास पर वर्षा-हवा से गिरा साइन बोर्ड
हादसे में कोई हताहत नहीं, यातायात दो घंटे ठप
पुलिस ने क्रेन बुलाकर मार्ग को सुचारु कराया
जागरण संवाददाता, रुड़की। अब्दुल कलाम चौक के पास सालियर बाईपास पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वर्षा व तेज हवा के दौरान एक साइन बोर्ड मार्ग पर गिर गया।
गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। अलबत्ता मार्ग पर यातायात ठप हो गया। करीब दो घंटे बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया।
शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड लगाए गए हैं। कई बार इनके नियम विरुद्ध लगने को लेकर मामले सामने आ चुके हैं।
बावजूद इसके नियम विरुद्ध यह बोर्ड लगाने का खेल जारी है। बुधवार रात्रि से शुरू हुई वर्षा गुरुवार को भी जारी रही। इसका असर यह रहा कि एक साइन बोर्ड अचानक गिर गया। इससे बाईपास पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
हालांकि, सावधानी बरतने से वाहन चालकों की जान बच गई। बोर्ड गिरने के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। दूर-दूर वाहनों की कतारें दिखाई दे रही थीं।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और यातायात को सुचारू कराने के लिए क्रेन को मौके पर बुलाया गया।
इस जद्दोजहद में दो घंटे का समय लग गया। मार्ग पर यातायात सामान्य होने के बाद ही वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। उधर, प्रशासन एवं पुलिस के अफसरों ने वर्षा के दौरान वाहनों को सावधानी पूर्वक चलाने की अपील की है।
वाया अब्दुल कलाम चौक से देहरादून गई बसें
वर्षा का असर रोडवेज बसों पर ही दिखाई दिया। देहरादून जाने वाली बसें रामपुर चुंगी से होकर गंतव्य को जाती हैं।
हालांकि, वर्षा के दौरान चुंगी पर कई-कई फीट तक जलभराव होने के कारण यहां पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई।
ऐसे में रुड़की डिपो से देहरादून के लिए जाने वाली बसों को वाया अब्दुल कलाम चौक से संचालित किया गया। हालांकि, एक बस जाम के दौरान फंस गई थी।
यह भी पढ़ें- रुड़की मंडी में डूबे आढ़त और गोदाम: 4 फीट तक भरा पानी, आलू-प्याज खराब
यह भी पढ़ें- रुड़की के झबरेड़ा में भारी वर्षा से जलभराव की आफत, घरों में घुसा पानी